SPORTS : डगआउट में फोन चला रहे थे राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर, पास बैठे थे वैभव सूर्यवंशी, क्या BCCI लेगा एक्शन?

0
7

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स अब एक नए विवाद में घिर गई है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट से सामने आए एक वीडियो ने हलचल मचा दी है. इसमें टीम मैनेजर मोबाइल फोन इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं और पास में वैभव सूर्यवंशी बैठे हुए हैं.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार मैच जीत लिए हैं. शानदार प्रदर्शन के बीच राजस्थान रॉयल्स अब एक बड़े विवाद में फंसती नजर आ रही है. 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले के दौरान टीम मैनेजर रोमी भिंडर का डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है.

वायरल क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि रोमी भिंडर डगआउट में बैठकर मोबाइल चला रहे हैं, जबकि उनके ठीक पास बैठे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी स्क्रीन की ओर नजर डालते दिखाई देते हैं. यह घटना राजस्थान की पारी के 11वें ओवर के दौरान की बताई जा रही है, जब वैभव सूर्यवंशी आउट होकर वापस डगआउट में लौटे थे.

आईपीएल के प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल एरिया (PMOA) प्रोटोकॉल के तहत डगआउट, ड्रेसिंग रूम, खिलाड़ियों के बैठने के एरिया, थर्ड अंपायर एरिया, मैच रेफरी रूम जैसे स्थानों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध है. हालांकि, टीम एनालिस्ट को निर्धारित एनालिस्ट टेबल पर सीमित रूप से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इस्तेमाल करने की अनुमति होती है.

वहीं, टीम मैनेजर को केवल ड्रेसिंग रूम के अंदर फोन इस्तेमाल करने की इजाजत है, लेकिन डगआउट में नहीं. यानी रोमी भिंडर ने नियमों का उल्लंघन किया. इसके अलावा, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को स्टेडियम पहुंचने पर अपने मोबाइल, स्मार्टवॉच या अन्य संचार उपकरण टीम सिक्योरिटी लाइजन ऑफिसर (SLO) के पास जमा कराने होते हैं, जिन्हें वे मैच खत्म होने के बाद ही वापस ले सकते हैं.

इस पूरे मामले को गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि यह एंटी-करप्शन नियमों से जुड़ा हुआ है. प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल एरिया में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल मैच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकता है. एक आईपीएल अधिकारी ने पूरे मामले पर TOI से कहा, ‘मैनेजर और मीडिया मैनेजर के पास फोन होता है, लेकिन उसके इस्तेमाल के नियम बहुत स्पष्ट हैं. डगआउट में फोन चलाना गंभीर चूक है, खासकर जब खिलाड़ी स्क्रीन देख रहे हो, इसमें कोई ग्रे एरिया नहीं है.’

इस मामले पर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) की नजर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक जरूरत पड़ने पर रोमी भिंडर को मैच रेफरी के सामने पेश होने के लिए बुलाया जा सकता है और मामले की जांच शुरू हो सकती है. आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

राजस्थान रॉयल्स इस समय शानदार फॉर्म में है, लेकिन यह विवाद उसकी छवि पर असर डाल सकता है. अब सबकी नजर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल पर है कि वह इस मामले में क्या कदम उठाती है. अगर नियमों का उल्लंघन साबित होता है, तो टीम मैनेजमेंट पर कार्रवाई संभव है, जिससे टूर्नामेंट के बीच यह मामला और भी बड़ा रूप ले सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here