NATIONAL : ममता बनर्जी का पीएम मोदी पर बड़ा हमला: सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का लगाया आरोप, शिकायत लेकर जाएंगी चुनाव आयोग

0
81

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुनावी लाभ के लिए सरकारी तंत्र के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। हुगली की रैली में उन्होंने पीएम के ‘राष्ट्र के नाम संबोधन’ को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने उन पर राजनीतिक अभियानों के लिए सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। हुगली जिले के तारकेश्वर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के जरिए भाजपा के लिए प्रचार किया है.ममता बनर्जी ने कहा, ‘पीएम मोदी ने कल राजनीतिक अभियानों के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया। हम इसकी निंदा करते हैं और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे। टीएमसी प्रमुख ने पीएम पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप भी मढ़ा।

गौरतलब है कि शनिवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक के बहाने कांग्रेस के साथ-साथ सभी विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला। पीएम ने कहा था कि भारत की महिलाएं विपक्ष को ‘भ्रूणहत्या के पाप’ के लिए कड़ी सजा देंगी।

वहीं, अब इसपर पलटवार करते हुए बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री को भारत के लोगों को जवाब देना होगा कि वह अपनी पार्टी के लिए अवैध अभियान क्यों चला रहे हैं? दीदी ने सवाल किया कि जब महिला आरक्षण बिल सितंबर 2023 में ही पास हो गया था, तो इसे अभी तक लागू क्यों नहीं किया गया? ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नीत सरकार ने जानबूझकर महिला आरक्षण विधेयक को परिसीमन से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा में इतनी धृष्टता थी कि संख्या बल न होने के बावजूद वे इसे लोकसभा में लाए। अब भाजपा का पतन शुरू हो गया है।’

इतना ही नहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आई-पैक कर्मचारियों के भविष्य को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए एक बड़ा एलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि केंद्रीय एजेंसियों के डर या किसी अन्य दबाव के कारण आई-पैक के कामकाज में बाधा आती है, तो तृणमूल कांग्रेस उन सभी कर्मचारियों को काम देगी। ममता बनर्जी ने वादा किया कि वह किसी भी युवा को बेरोजगार नहीं रहने देंगी और जरूरत पड़ने पर इन पेशेवरों को पार्टी में शामिल कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ उनकी विस्तृत चर्चा पहले ही हो चुकी है। सीएम ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों के दौरान डराने-धमकाने की राजनीति कर रही है और टीएमसी के लिए काम करने वाली रणनीतिक टीम को निशाना बना रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here