जयपुर, 30 मई (हि.स.)। राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 30 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज अंधड़, बारिश और ओले गिरने से तापमान में भारी गिरावट आ गई। कई जिलों में दिन का पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया।
प्रदेश में शुक्रवार को चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, झुंझुनूं और करौली सहित उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। झुंझुनूं जिले के मलसीसर में सबसे अधिक 43 मिमी बारिश हुई।
दौसा जिले में आए अंधड़ ने भारी नुकसान पहुंचाया। लालसोट-दौसा बाइपास पर 220 केवी बिजली लाइन का टावर गिर गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक स्कॉर्पियो वाहन तारों में उलझकर पलट गई। हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई।
राजधानी जयपुर में भी शुक्रवार शाम मौसम का मिजाज बदला रहा। शाम को करीब एक घंटे तक तेज अंधड़ चला। इसके बाद रात आठ बजे के बाद फिर बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक रुक-रुककर जारी रही।

शहर के कई इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिन मौसम बदला रहेगा। बीकानेर के अरजनसर क्षेत्र में दोपहर बाद धूलभरी आंधी चली और आसमान में धूल का गुबार छा गया। वहीं अलवर में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 9.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई। यहां तापमान गिरकर 36.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रहेगा। कई इलाकों में तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।


