Weather : आज से फिर बदलेगा मौसम; पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में आंधी-बारिश का अलर्ट; गर्मी से राहत की उम्मीद

0
135

देश के मौसम में अगले एक सप्ताह के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश की दहलीज पर है, वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की गतिविधियां तेज रहेंगी।

आईएमडी ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई क्षेत्रों में भी मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 4 जून (गुरुवार) के लिए कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में भी मौसम सक्रिय रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है।

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय में 8 और 9 जून को बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में भी कई दिनों तक भारी वर्षा का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here