NATIONAL : मुंबई में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरी, 2 मौतें, पांच लोग घायल; पंडाल में ला रहे थे, 50 मीटर पहले हादसा

0
195

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बड़ा हादसा हुआ है. 22 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा के अचानक गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्‍य लोग घायल हो गए हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. हादसे के शिकार सभी लोगों को नजदीकी अस्‍पताल में ले जाया गया. हादसे में घायल लोगों का फिलहाल इलाज चल रहा है.


जानकारी के अनुसार, दक्षिण मुंबई स्थित भूलेश्वर इलाके में गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया. करीब 22 फीट ऊंची ‘भूलेश्वरचा राजा’ की प्रतिमा का संतुलन अचानक से बिगड़ गया, जिससे वह गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसा 22 अगस्त की रात करीब 9:51 बजे बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना और जय अंबे चौक के पास हुआ. प्रतिमा को भायखला से भूलेश्वर स्थित पंडाल ले जाया जा रहा था. बताया जा रहा है कि पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले ही प्रतिमा गिर गई.हादसे की प्रारंभिक वजह क्‍या मान रही पुलिस


घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. प्रारंभिक छानबीन में सड़क पर कोई बड़ा गड्ढा नहीं मिला है. शुरुआती तौर पर प्रतिमा का संतुलन बिगड़ना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान संकेत नेवशे और बृजेश हेमंत जोशी के रूप में की गई है. 5 घायलों की पहचान वैभव घेनंद, पवन चौरसिया, लावण्या गनेर, दिव्या गनेर और कुणाल काशिद के रूप में की गई है. नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है. मुंबई सहित महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में 10 दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव सबसे बड़े और सबसे धूमधाम से मनाए जाने वाले त्योहारों में से एक है. गणेश उत्‍सव के दौरान भगवान गणपति की प्रतिमाएं पंडालों और घरों में स्थापित की जाती हैं और उनकी पूजा की जाती है. एक दशक से भी अधिक समय से मुंबई में प्रतिमा लाने के लिए भव्य जुलूस आयोजित किए जाते रहे हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here