NATIONAL : वनतारा से 13 महीने बाद घर लौटी हथिनी माधुरी, नंदनी मठ में फूलों से हुआ स्वागत, लगा जश्न जैसा माहौल

0
256

कोल्हापुर की ‘महादेवी’ के नाम से मशहूर हथिनी माधुरी 13 महीने बाद अपने घर नंदनी मठ लौट आई है। उसे हाई-पावर्ड कमेटी (HPC) के निर्देश पर 30 जुलाई 2025 को जामनगर के वनतारा में इलाज के लिए भेजा गया था। HPC ने 9 सितंबर 2026 को माधुरी को कोल्हापुर लौटने की मंजूरी दी, जिसके बाद वनतारा ने सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का आश्वासन दिया है।

कोल्हापुर की ‘महादेवी’ के नाम से मशहूर हथिनी माधुरी 13 महीने बाद अपने घर वापस लौटी है। हाई-पावर्ड कमेटी (HPC) ने 9 सितंबर 2026 को दिए अपने आदेश में माधुरी को कोल्हापुर लौटने की मंजूरी दी गई थी। वनतारा ने स्पष्ट किया है कि वह HPC के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा। माधुरी की वापसी कुछ शर्तों के साथ हुई है, जैसे उसकी 24 घंटे देखभाल, हर दो हफ्ते में मेडिकल जांच और उसे किसी भी जुलूस या कमर्शियल काम में शामिल न करना। माधुरी के लौटने से नंदनी मठ के लोगों में ख़ुशी का माहौल है, सभी ने उसका जमकर स्वागत किया।

माधुरी का फूलों से स्वागत
माधुरी के लौटने पर नंदनी मठ में भावुक माहौल था, वह 13 महीने बाद अपने घर वापस लौटी थी। माधुरी के लौटने पर लोगों ने उसका फूलों से स्वागत किया। नंदिनी मठ के परिसर में माधुरी के स्वागत के लिए खास रंगोली भी बनाई गयी थी, इसके साथ ही अनंत अंबानी को धन्यवाद देने वाले होर्डिंग भी लगाए गए थे। लोगों के चेहरे पर माधुरी के लौटने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। इसके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहें।

अपने घर लौटने पर खुश है माधुरी
माधुरी की घर वापसी ने 13 महीने पहले हुई उसकी विदाई की यादें भी ताजा कर दीं। जब वह नंदनी मठ से वनतारा जा रही थी, तब मायूस होकर उसने ग्रामीणों के दिए फल नहीं खाए थे और उसकी आंखें नम हो गईं थीं।

लेकिन इस बार तस्वीर बिल्कुल जुदा थी। घर पहुंचते ही माधुरी ने वहां रखे फल और गन्ने चाव से खाए। उसे इस तरह मुस्कुराते और खाते देख वहां मौजूद लोगों की खुशी का ठिकाना न रहा। लंबे इंतजार के बाद अपनी प्यारी माधुरी को पाकर नंदनी के लोगों के लिए यह पल किसी बड़े जश्न से कम नहीं था।

उसकी खास देखभाल और निगरानी की जरूरत
30 जुलाई 2025 को हाई-पावर्ड कमेटी के निर्देश पर हथिनी माधुरी को जामनगर के वनतारा भेजा गया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट और बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी सही माना था। वनतारा का कहना है कि उसने माधुरी को सिर्फ समिति के आदेश पर देखभाल के लिए रखा था, न कि अपनी कस्टडी में लेने के लिए। लगातार इलाज के बाद माधुरी की सेहत अब ठीक है, लेकिन पुरानी दिक्कतों के चलते अभी भी उसकी खास देखभाल और निगरानी की जरूरत है। स्थानीय लोगों की भावनाओं को देखते हुए वनतारा ने महाराष्ट्र सरकार से बातचीत के बाद 6 अगस्त 2025 को कहा था कि वह लोगों की भावनाओं और नियमों का पूरा सम्मान करेगा।

HPC ने कोल्हापुर लौटने की दी मंजूरी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद, माधुरी से जुड़े सभी पक्षों ने अपनी-अपनी दलीलें हाई-पावर्ड कमेटी (HPC) के सामने पेश कीं। समिति ने जरूरी रिपोर्ट्स की समीक्षा की और महाराष्ट्र के नंदानी के उस केंद्र का जायजा भी लिया, जहां माधुरी को वापस भेजा जाना है। इसके बाद, 9 सितंबर 2026 को HPC ने उसे कोल्हापुर लौटने की हरी झंडी दी। हालांकि, वापसी के लिए कुछ सख्त शर्तें तय की गई हैं, माधुरी को किसी भी जुलूस या अन्य कार्यों में इस्तेमाल नहीं किया जाएगा, उसकी 24 घंटे देखरेख होगी और हर 15 दिन में उसका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here