SPORTS : महिला जूनियर एशिया कप हॉकी: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में मारी एंट्री

0
49

भारतीय महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने पहले हाफ में 10 गोल किए और दूसरे हाफ में नौ और गोल दागे। गत चैंपियन भारत की नजर अब लगातार तीसरे खिताब पर है।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा तूफान खड़ा किया कि मुकाबला शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद एकतरफा हो गया। गत चैंपियन भारत ने गुरुवार को क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत की ओर से गोलों की बारिश पूरे मुकाबले में जारी रही और पाकिस्तान की टीम लगातार दबाव में नजर आई।

भारत ने मैच के सातवें मिनट में पूजा साहू के गोल से खाता खोला। इसके दो मिनट बाद रोशनी ऐंद ने बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद भारतीय टीम ने हमलों की रफ्तार और बढ़ा दी। 11वें मिनट में तनुश्री दिनेश कडू और 13वें मिनट में सुखवीर कौर ने गोल किया। इसी मिनट सानिका चंद्रकांत माने ने भी गोल दाग दिया।

पहले हाफ में ही भारत की 10-0 की बढ़त
भारत का हमला यहीं नहीं रुका। मधु सिदार ने 16वें मिनट में गोल किया, जबकि गीता यादव ने 18वें मिनट में स्कोर किया। सानिका माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद तनुजा टोप्पो ने 25वें और पूजा मलिक ने 27वें मिनट में गोल कर दिया। पहले हाफ के आखिरी मिनटों में पूर्णिमा यादव ने 33वें मिनट में गोल किया। इस तरह मध्यांतर तक भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 10-0 की विशाल बढ़त हासिल कर ली थी।

दूसरे हाफ में भी नहीं थमा गोलों का सिलसिला
दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। मधु सिदार ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और इसके एक मिनट बाद सुप्रिया ने अपना खाता खोला। पूजा मलिक ने इसके बाद लगातार दो गोल दागे। उन्होंने 49वें और 51वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में और बिनीमा धन ने 55वें मिनट में गोल किया। सुप्रिया ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। मैच के आखिरी मिनट में रोशनी ऐंद ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत के स्कोर को 19 तक पहुंचा दिया। भारत ने इस तरह पाकिस्तान के खिलाफ 19-0 की धमाकेदार जीत दर्ज की।

ग्रुप चरण में भी अजेय रहा था भारत
भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल से पहले ग्रुप चरण में भी शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। भारत की नजर अब लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर है। भारतीय टीम ने इससे पहले 2023 और 2024 में खिताब अपने नाम किया था। पाकिस्तान के खिलाफ 19 गोल की जीत ने मौजूदा चैंपियन के इरादे भी साफ कर दिए हैं।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम
पुरुष हॉकी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: पंजाब में 27 अक्तूबर से होगा आयोजन, पाकिस्तान लेगा हिस्सा? जानें कार्यक्रम
हॉकी
भारतीय पुरुष जूनियर हॉकी टीम
जूनियर एशिया कप: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीता खिताब, फाइनल में कोरिया को हराया; विश्व कप में जगह पक्की की
हॉकी

भारत के गोल: पूजा साहू (7′), रोशनी ऐंद (9′, 60+’), तनुश्री दिनेश कडू (11′), सुखवीर कौर (13′), सानिका चंद्रकांत माने (13′, 23′), मधु सिदार (16′, 39′), गीता यादव (18′), तनुजा टोप्पो (25′), पूजा मलिक (27′, 49′, 51′), पूर्णिमा यादव (33′), सुप्रिया (40′, 54′), कृष्णा शर्मा (48′), बिनीमा धन (55′)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here