कांग्रेस की CWC बैठक में छात्रों के मुद्दों, राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक जैसे महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक दोपहर 3 बजे इंदिरा भवन में होगी।
कांग्रेस बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक करेगी। बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा के साथ-साथ छात्रों से जुड़े मुद्दों और राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित गड़बड़ी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।
इंदिरा भवन में होगी CWC की बैठक
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक दोपहर 3 बजे इंदिरा भवन में होगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बैठक की अध्यक्षता करेंगे। पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव जयराम रमेश और के.सी. वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे।
छात्रों के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के एजेंडे में छात्रों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से शामिल हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरने और विपक्षी दलों के साथ मिलकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा करेगी। इसके साथ ही राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को भी राजनीतिक मुद्दा बनाने की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की भी होगी समीक्षा
CWC की बैठक में अगले साल की शुरुआत में होने वाले संभावित विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। कांग्रेस इन राज्यों में संगठन की स्थिति, चुनावी रणनीति और तैयारियों पर भी चर्चा कर सकती है।

महिला आरक्षण और परिसीमन पर भी मंथन संभव
लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने से जुड़े परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक के मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की है। कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी रणनीति को लेकर विपक्षी दलों के साथ समन्वय पर भी विचार कर सकती है।
जयराम रमेश ने विपक्षी दलों से संपर्क का किया था जिक्र
सरकार की ओर से निकट भविष्य में ऐसा विधेयक लाए जाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पिछले सप्ताह कहा था कि हम सभी पार्टियों के संपर्क में हैं। हम सभी पार्टियों के संपर्क में बने हुए हैं। मुझे यकीन है कि 19 अगस्त को CWC की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा था, ‘हम ढिलाई नहीं बरत सकते, क्योंकि वे (सरकार) हर तरह की चालें चलने की कोशिश करेंगे। लेकिन उनके पास संख्या बल नहीं है। अभी उनके पास जो संख्या है और जिसकी उन्हें जरूरत है, उसके बीच का अंतर छोटा नहीं है। यह दो अंकों का बड़ा अंतर है।
पिछली CWC बैठक में भी कांग्रेस ने उठाया था महिला आरक्षण का मुद्दा
अप्रैल में हुई पिछली CWC बैठक के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार पर महिला आरक्षण कानून के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। पार्टी ने कहा था कि इससे जुड़ी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया “संवैधानिक नहीं” है और इसके “गंभीर परिणाम” हो सकते हैं।

