इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच गुवाहाटी में दूसरा वनडे मैच खेला गया, जो किसी वीडियो गेम से कम नहीं था, क्योंकि अक्सर आप देखते होंगे कि वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच की दोनों पारियों में एक-एक शतक जैसे-तैसे लगता है, लेकिन इस मैच में एक या दो नहीं, बल्कि 5 शतक लगे, जो कि वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में पहली बार था। मैच में 811 रन बने। 5 शतक लगे। इनमें एक दोहरा शतक भी शामिल था और इस तरह कई वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बने। ऐसे में कहा जा सकता है कि शायद आपने भी ऐसा मैच नहीं देखा होगा।
वैसे तो वनडे क्रिकेट में पहले भी 400 से ज्यादा रनों की चेज हुई है। एक बार तो सक्सेजफुल भी 438 रनों की चेज हो चुकी है, लेकिन पहली बार ऐसा था कि 400 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी टीम ने 44वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। 350 से ज्यादा रनों की रन चेज में 9 का भी रन रेट किसी टीम का नहीं है, लेकिन भारत ने 9.33 के रन रेट से 406 रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया। इस मैच में दोनों टीमों की ओर से कुल 811 रन बने, क्योंकि 405 रन वेस्टइंडीज ने बनाए और 406 रन भारत ने बना दिए।

एक दोहरे शतक समेत 5 शतक
इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज दूसरे वनडे मैच में कुल 5 शतक लगे, जिनमें एक दोहरा शतक था। दोहरा शतक अपने आप में कई वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ आया, जो शुभमन गिल ने जड़ा। वेस्टइंडीज की ओर से इस मैच में तीन शतक लगे, जबकि भारत की ओर से दो शतक आए। कैरेबियाई टीम के लिए जॉन कैम्पबेल, शाई होप और आमिर जंगू ने शतकीय प्रहार किया। इस पर रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शतकों से पलटवार किया। गिल ने तो दोहरा शतक जड़ दिया। इससे पहले कभी भी एक वनडे मैच में 5 शतक नहीं लगे थे, जो अब वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
दोहरे शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में शुभमन गिल ने दूसरी बार दोहरा शतक लगाया। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज का यह सबसे तेज डबल सैकड़ा है। 117 गेंदों में उन्होंने इसे पूरा किया, जो ईशान किशन के 126 गेंदों में पूरी की गई डबल सेंचुरी से 9 गेंद पहले आया। ये भी अपने आप में वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इसके अलावा रन चेज में सबसे बड़ी पारी और बतौर कप्तान ओडीआई क्रिकेट में भी यह सबसे बड़ी पारी शुभमन गिल के बल्ले से आई। ये भी वर्ल्ड रिकॉर्ड हैं।
वेस्टइंडीज की टीम ने पाटा पिच पर जब 405 रन बना दिए थे तो ऐसा लग रहा था कि भारत के लिए मुश्किल होगी, लेकिन कप्तान शुभमन गिल ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ मिलकर ऐसी नींव रखी, जिसे कोई हिला नहीं पाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 255 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान रोहित शर्मा 101 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि शुभमन गिल 223 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने इस सीरीज को अपने नाम कर लिया है।


