Jamui student harassment video: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा का रास्ता रोककर कथित दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पीड़ितों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
Jamui Viral Video: बिहार के जमुई जिले में बाइक सवार नाबालिग छात्र और छात्रा का कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार भी किया। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। अब इस पूरे मामले में पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि आज सुबह यह वीडियो हमारे संज्ञान में आया, जिसमें दो नाबालिग छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर हमने पीड़ितों की पहचान की और उनके बयान दर्ज किए। पूछताछ में पता चला कि यह घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे हुई थी। दोनों दोस्त एक लड़का और एक लड़की कोचिंग के लिए गए थे और तस्वीरें खींचने के लिए उस इलाके में गए थे, जहां यह घटना हुई। यह घटना जमुई थाना क्षेत्र में हुई है।

आरोपियों की हुई पहचान- एसपी
एसपी ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। हम कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़ितों की ओर से कल कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई थी। आज जब पुलिस ने उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने आवेदन दिया, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि वीडियो में छह से सात लोग दिखाई दे रहे हैं। एफआईआर में किसी का नाम नहीं है, लेकिन जांच के दौरान हमने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

