पीएम मोदी ने जब इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को Melody टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट किया, तो इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ गई. लेकिन बात सिर्फ सोशल मीडिया तक नहीं रुकी, इसकी गूंज शेयर बाजार तक सुनाई दी. निवेशकों में पारले नाम को लेकर ऐसी दीवानगी बढ़ी कि शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी Parle Industries के शेयरों में बंपर तेजी आ गई. लेकिन इस पूरी कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट है. जिस पारले इंडस्ट्रीज के शेयर भागे, उसका मेलोडी टॉफी बनाने वाली कंपनी से कोई लेना-देना ही नहीं है. वहीं दूसरी तरफ, मेलोडी और पारले जी बिस्कुट बनाने वाली असली कंपनी पारले प्रोडक्ट्स के लिए बीता फाइनेंशियल ईयर 2025 कमाई के मामले में तो शानदार रहा, लेकिन मुनाफे के मोर्चे पर उसे तगड़ा झटका लगा है. चलिए इस खबर में आपको बताते हैं कि पारले के बिजनेस के साथ पिछले साल क्या हुआ और क्यों इसकी कमाई बढ़ने के बाद भी तिजोरी खाली रह गई.
पीएम मोदी और मेलोनी के मेलोडी डिप्लोमेसी के बाद जैसे ही ये नाम चर्चा में आया, शेयर बाजार के निवेशकों ने बिना सोचे-समझे ‘Parle Industries’ के स्टॉक खरीदने शुरू कर दिए. देखते ही देखते इस स्टॉक में उछाल आ गया. मजेदार बात ये है कि मेलोडी टॉफी, पारले-जी बिस्कुट और हाइड एंड सीक बनाने वाली मूल कंपनी पारले प्रोडक्ट्स शेयर बाजार में लिस्टेड ही नहीं है. ये एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है. बाजार में लिस्टेड पारले इंडस्ट्रीज एक बिल्कुल अलग कंपनी है, जिसे सिर्फ एक जैसे नाम होने की वजह से लॉटरी लग गई. इसे बिजनेस की भाषा में सेंटीमेंटल रैली कहते हैं, जहां सिर्फ नाम के बज की वजह से गलत शेयर भी दौड़ने लगते हैं.

असली पारले (Parle Products) के लिए वित्तीय वर्ष 2025 का साल मिला-जुला रहा. महंगाई के दौर में भी पारले के प्रोडक्ट्स की मांग में कोई कमी नहीं आई. गांव से लेकर शहरों तक लोगों ने पारले के बिस्कुट और चॉकलेट जमकर खरीदे. यही वजह है कि फाइनेंशियल 2025 में कंपनी की टोटल सेल करीब 8.5% बढ़कर 15,568 करोड़ रुपये हो गई. अगर इसमें कंपनी की दूसरे निवेशों से होने वाली कमाइयों को भी जोड़ दें, तो पारले की कुल इनकम 16,190.98 करोड़ रुपये के पार रही.
हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं होती. भले ही पारले का सामान दुकानों पर खूब बिका और रेवेन्यू में इजाफा हुआ, लेकिन जब बात नेट प्रॉफिट की आई, तो कंपनी के चेहरे पर मायूसी छा गई. पारले प्रोडक्ट्स का नेट प्रॉफिट पिछले साल के मुकाबले लगभग 39% घट गया. ये गिरकर 979.53 करोड़ रुपये पर आ गया. यानी कंपनी ने धंधा तो बड़ा किया, लेकिन उसकी इन-हैंड सेविंग्स बहुत कम हो गई.

