एयरलाइंस सेक्टर के लिए वित्त वर्ष 2025-26 अच्छा साबित नहीं हुआ है। इस दौरान एयर इंडिया से जुड़ी घटनाओं, इंडिगो एयरलाइन की संचालन संबंधी दिक्कतें और विमान हादसों ने पूरे सेक्टर पर असर डाला है। वहीं, महंगे हवाई ईंधन ने भी इंडस्ट्री की रफ्तार को धीमा कर दिया। ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी सीमित ही रह गई।
पूरे वित्त वर्ष में हवाई यात्रियों की संख्या में केवल 1.4 फीसदी की हल्की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, वित्त वर्ष के आखिरी महीने मार्च में यह बढ़ोतरी सिर्फ 1 फीसदी तक ही सीमित रही। हालांकि, इस अवधि में विमानन क्षेत्र की कुल क्षमता में कुछ कमी देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद यात्रा की मांग में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई।
विज्ञापन
घरेलू रेटिंग एजेंसी इक्रा की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, देश में हवाई यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी बहुत सीमित रही है। मार्च 2026 में घरेलू यात्री ट्रैफिक में सालाना आधार पर केवल 1 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे वित्त वर्ष 2026 में भी ग्रोथ सिर्फ 1.4 फीसदी तक ही सीमित रही। इसी के साथ यह वित्त वर्ष हल्की बढ़त के साथ समाप्त हुआ है। जबकि मार्च 2026 के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस महीने कुल 14.68 मिलियन यानी करीब 1.46 करोड़ घरेलू यात्रियों ने हवाई यात्रा की है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि, मार्च 2026 में एयरलाइंस ने अपनी क्षमता को मार्च 2025 के मुकाबले करीब 3 प्रतिशत कम रखा। हालांकि, फरवरी 2026 की तुलना में मार्च में क्षमता में 10.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई। इसके बावजूद, पैसेंजर लोड फैक्टर में अच्छा सुधार देखने को मिला। मार्च 2026 में यह बढ़कर 89.5 फीसदी तक पहुंच गया, जो मार्च 2025 के 86 प्रतिशत के स्तर से काफी बेहतर है।
अप्रैल 2026 में घोषित एविएशन टर्बाइन फ्यूल की औसत कीमतों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह कीमतें पिछले महीने के मुकाबले 9.2 फीसदी और सालाना आधार पर 18.2 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं। रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें आगे भी बनी रह सकती हैं। जिससे एटीएफ की दरों पर और दबाव पड़ सकता है। इसके साथ ही, डॉलर के मुकाबले रुपये का लगातार कमजोर होना भी एविएशन सेक्टर के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इन परिस्थितियों के कारण आने वाले समय में हवाई यात्रियों की संख्या पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें


