BUSINESS : शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

0
21

नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर स्थिति को संभाल लिया।

सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.69 प्रतिशत और निफ्टी 0.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटर ग्लोबल एवियशन, अदानी एंटरप्राइजेज, ट्रेंट लिमिटेड, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर 4.95 प्रतिशत से लेकर 2.97 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, बजाज ऑटो, एनटीपीसी, ओएनजीसी, टाटा स्टील और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 2.74 प्रतिशत से लेकर 1.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,754 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,528 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,226 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर आठ शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 399.85 अंक की तेजी के साथ 77,391.07 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक फिसल कर 77,280.49 अंक तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 530.35 अंक की बढ़त के साथ 77,521.57 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 104.20 अंक की छलांग लगा कर 24,125.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक लुढ़क कर 24,107.80 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 150.05 अंक की मजबूती के साथ 24,171.70 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 790.54 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,991.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 197.55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,021.65 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here