केरल के विधायक का विवादित बयान, नाम से गांधी हटाएं राहुल, अपना डी.एन.ए. टेस्ट कराएं

0
36

केरल में लेफ्ट पार्टी के विधायक पी.वी. अनवर ने राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान देकर बवाल खड़ा कर दिया है। अनवर ने कथित तौर पर राहुल गांधी को अपना डीएनए टेस्ट कराने और नाम से गांधी उपनाम हटाने की सलाह दी है। उनके इस विवादित बयान का कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है और चुनाव आयोग से  विधायक के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। केरल की सभी 20 सीटों पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल केरल के पलक्कड़ जिले में आयोजित एक चुनावी रैली में राज्य के नीलांबुर से विधायक पी.वी. अनवर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के डीएनए का जिक्र किया। बता दें कि राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से सांसद हैं और 2024 में भी यहीं से चुनाव लड़ रहे हैं। अनवर ने कथित तौर पर कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के डीएनए का परीक्षण किया जाना चाहिए। इसके साथ ही विधायक ने राहुल गांधी को नाम से गांधी शब्द हटा लेने की भी सलाह दी है।

सरकार पर हमलावर है राहुल
बीते कुछ दिनों से राहुल गांधी केरल के सी.एम. पिनाराई विजयन पर लगातार हमला कर रहे हैं। राहुल गांधी ने ये भी कहा था कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वर्तमान सीएम अरविंद केजरीवाल जेल में हो सकते हैं तो केंद्र की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के कई आरोपों के बावजूद भी केरल के मुख्यमंत्री के प्रति नरम रुख क्यों अपनाए हुए है? इसी के बाद लेफ्ट विधायक अनवर ने राहुल गांधी पर विवादित बयान दिया है।

सी.एम. विजयन भी कांग्रेस को दिया जवाब
विधायक अनवर के बयान पर कांग्रेस के नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। केरल कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष एम.एम. हसन ने चुनाव आयोग में शिकायत दी है और वामपंथी विधायक के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस सांसद के मुरलीधरन ने कहा है कि सी.एम. विजयन द्वारा अनवर को खुला छोड़ा जा रहा है। वहीं, सांसद सुधाकरन ने कहा है कि सी.एम. विजयन के पास अब कोई क्लास नहीं है और अब उनकी लोकप्रियता खत्म हो गई है। पिनाराई विजयन ने पूरे मामले पर कहा है कि यदि आप किसी की आलोचना करेंगे तो आपको इसका प्रतिकार मिलेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यह न सोचें कि वह आलोचना से ऊपर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here