Haryana Encounter: गुरुग्राम में दीपक नांदल गैंग के चार शूटर ढेर, पांचवें को लगी गोली; तीन पुलिसकर्मी भी घायल

0
111

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत मेदांता अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर सिबास कविराज ने एनकाउंटर में चार 4 शूटरों की मौत और 3 पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है। – फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

टीमों ने बृहस्पतिवार देर रात गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के चार शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। वहीं, गोली लगने से घायल हुए पांचवें शूटर को अस्पताल ले जाया गया है। एनकाउंटर में बदमाशों की ओर से चलाई गोली लगने से तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर सिबास कविराज ने एनकाउंटर में चार 4 शूटरों की मौत और 3 पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है।

ACP सदर धर्मवीर सिंह ने बताया कि आज शाम कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कुछ हथियारबंद बदमाश कार में घूम रहे हैं। क्राइम टीम ने इस संबंध में तलाशी अभियान चलाया। इसी बीच, ये बदमाश एक प्रमुख व्यवसायी के घर में घुस गए, जिन्हें विदेश में बैठे एक गैंगस्टर से धमकियां और रंगदारी के लिए कॉल आ रहे थे, और उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। यह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों को सरेंडर करने को कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलीबारी कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में पांच बदमाश घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज चल रहा है। इस ऑपरेशन में हमारे तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है… अपराधियों की पहचान की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुशांत लोक में ए ब्लॉक के मकान के बाहर बृहस्पतिवार देर रात लगभग 11 बजे पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हुआ। यह मकान झज्जर के मूल निवासी प्रॉपर्टी डीलर विशाल बेरी का बताया जा रहा है।

क्राइम ब्रांच के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दीपक नांदल गैंग के पांच शूटर स्कॉर्पियो में सवार होकर रंगदारी के इरादे से यहां पहुंचे थे। इसकी सूचना अपराध शाखा की टीमों को पहले से लग गई। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-31 इंचार्ज इंस्पेक्टर आनंद यादव और सेक्टर-40 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

जैसे ही काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को देखा तो गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। मौके पर 20 से अधिक गोलियां चली। इस दौरान 4 शूटरों को पुलिस ने ढेर कर दिया, जबकि पांचवां बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। एनकाउंटर में एक एएसआई समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। तीनों को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कन्हई गांव में 2 मई की देर रात सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ के घर पर गोली चलाने के मामले में भी गैंगस्टर दीपक नांदल के चार गुर्गे गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपियों की पहचान रोहतक के बखेता गांव निवासी अशोक उर्फ पहलवान, चीडी गांव निवासी मनोज काबर, सोनीपत के कथुरा गांव निवासी सुमित और गांव गढ़ शाहजांपुर निवासी विक्की के रूप में हुई थी।

आरोपियों ने गैंगस्टर दीपक के कहने पर ही रैकी और हथियार मुहैया कराने में मदद की थी। मैनेजर के घर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली चलाई थी। वारदात के दौरान मैनेजर को मिले सुरक्षाकर्मी सिपाही कुलबीर के हाथ और पैर पर गोली लगी थी। सिपाही की शिकायत पर ही सेक्टर-40 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here