HEALTH : घर में किसी को H1N1 है तो बाकी लोग कैसे बचें? इन बातों का रखें ध्यान

0
24

घर में किसी को H1N1 होने पर मरीज को अलग कमरे में रखना, हाथों की सफाई, मास्क का इस्तेमाल, खांसते और छींकते वक्त नाक मुंह ढकना और निजी सामान अलग रखना सबसे जरूरी हैं.

दिल्ली एनसीआर में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इस साल अब तक दिल्ली में इन्फ्लूएंजा A के 2,392 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 1,777 मामले अकेले H1N1 के हैं. ऐसे में अगर घर में किसी एक शख्स को H1N1 हो जाए, तो बाकी लोगों तक इसका फैलना रोकना सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है. डॉक्टरों के मुताबिक स्वाइन फ्लू कोई नया या अनजान वायरस नहीं है, यह पहले भी फैलता रहा है, बस कुछ बुनियादी सावधानियां अपना कर इसे आसानी से रोका जा सकता है.

मरीज को अलग कमरे में रखें
घर में जिसे भी H1N1 के लक्षण दिखें, उसे तुरंत बाकी परिवार से अलग कर देना चाहिए. मरीज को अलग कमरे में रखें और जितना हो सके नजदीक न जाएं, क्योंकि यह वायरस मुख्य रूप से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है.

हाथों की सफाई सबसे जरूरी
डॉक्टरों के मुताबिक हाथों की सफाई वायरस को फैलने से रोकने का सबसे आसान और असरदार तरीका है. बार बार साबुन पानी से हाथ धोना या सैनिटाइजर इस्तेमाल करना घर के हर शख्स के लिए जरूरी है, खासकर मरीज की देखभाल करने के बाद.

मास्क लगाना नहीं भूलें
मरीज और उसकी देखभाल करने वाले, दोनों को मास्क पहनना चाहिए. डॉक्टरों की सलाह है कि कोरोना के दौरान अपनाए गए तरीके यहां भी दोहराने चाहिए, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचना, मास्क लगाना और नियमित रूप से हाथ धोते और सैनिटाइज करते रहें.

इन बातों का ध्यान रखें
मरीज़ को खांसते या छींकते वक्त हमेशा रुमाल या टिशू से नाक और मुंह ढककर रखना चाहिए. इस्तेमाल किए गए टिशू को तुरंत बंद डस्टबिन में फेंक दें, ताकि वायरस के फैलने का खतरा कम हो जाए .

निजी सामान अलग रखें
मरीज के तौलिये, बर्तन, कपड़े और दूसरी निजी चीज़ें बाकी परिवार से अलग रखे. इन चीजों को शेयर करने से वायरस आसानी से दूसरे सदस्यों तक पहुंच सकता है.

घर को हवादार और साफ रखें
घर के कमरों में हवा का वेंटिलेशन, और जिस जगह मरीज़ रह रहा हो वहां नियमित सफाई जरूरी है. दरवाज़ों के हैंडल, स्विच बोर्ड जैसी बार बार छुई जाने वाली जगहों को भी साफ करते रहें.

कमजोर इम्यूनिटी वालों का रखें खास ध्यान
बुज़ुर्ग, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोग फ्लू की गंभीर चपेट में जल्दी आ सकते हैं. ऐसे लोगों को मरीज़ से जितना हो सके दूर रखें, और उनकी सेहत पर खास नजर रखें.

लक्षण दिखते ही डॉक्टर से मिलें
अगर परिवार के किसी और शख्स को भी बुखार, खांसी, गले में खराश या बदन दर्द जैसे लक्षण महसूस हों, तो बिना देर किए डॉक्टर से मिलें. सीने में दर्द या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को हल्के में नहीं लें .

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here