NATIOANL : चंद्रनाथ रथ की कार रोकी, 10 राउंड फायरिंग, फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल… बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA के मर्डर में अब तक क्या-क्या पता चला?

0
40

शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या से हड़कंप मच गया है. अब तक की जांच में सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल की गई गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी.

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के सामने आने के बाद बुधवार (6 मई) देर रात शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या से हड़कंप मच गया है. अब तक की जांच में सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल की गई गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी. गोली लगने के बाद चंद्रनाथ रथ को विवासिटी हॉस्पिटल लाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या के मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं. पुलिस सूत्रों का दावा है कि घटना रात 10 बजे से 10:15 बजे के बीच हुई. बताया जा रहा है कि हमले के समय गाड़ी की अगली सीट पर चंद्रनाथ रथ और उनका ड्राइवर मौजूद थे. पीछे की सीट पर मिंटू नाम का एक व्यक्ति बैठा था, जिसे चंद्रनाथ रथ का करीबी बताया जा रहा है.

सूत्रों के मुताबिक शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात में कुल 3 आरोपी शामिल थे. एक आरोपी चार पहिया सिल्वर रंग की गाड़ी चला रहा था, जबकि बाकी 2 आरोपी मोटरसाइकिल पर थे. सूत्रों के मुताबिक, जिस गाड़ी में चंद्रनाथ रथ सवार थे, उसके सामने एक आरोपी ने चार पहिया गाड़ी आड़ी-तिरछी खड़ी कर सड़क जाम कर दी गई. मजबूरन चंद्रनाथ रथ की गाड़ी के ड्राइवर को गाड़ी रोकनी पड़ी.

इसके बाद गाड़ी के पास 2 मोटरसाइकिलें पहुंचीं और हमलावर ने फायरिंग शुरू कर दी. सूत्रों के मुताबिक चंद्रनाथ की मौत सुनिश्चित करने के लिए हमलावर ने खिड़की के शीशे पर बंदूक सटाकर गोली चलाई. शीशे में बने छेद से लगातार गोलियां दागी गईं. चंद्रनाथ को कुल 3 गोलियां लगीं. वहीं, फायरिंग में ड्राइवर भी घायल हो गया.

सूत्रों के मुताबिक जिस सिल्वर रंग की गाड़ी के जरिए चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका गया, उस गाड़ी के चेसिस नंबर मिटा दिए गए थे. यानि हमलावरों ने बहुत बारीकी से इस पूरे हत्याकांड की तैयारी की थी. जांच के फोकस में एक सिल्वर रंग की गाड़ी है, जिससे चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका गया था. रात तकरीबन 10 बजकर 20 मिनट पर चंद्रनाथ रथ की गाड़ी मेन हाईवे से उनके घर की गली की तरफ मुड़ी और घर से केवल 100 मीटर की दूरी पर इस गाड़ी को हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की गाड़ी के सामने लगा दिया. इसके बाद बाइक पर सवार एक हमलावर जिसने कैप पहनी हुई थी, उतरता है और ताबड़तोड़ 4 राउंड फायरिंग की. जिसमें से 3 राउंड रथ के सीने में लगा जिससे उनकी मौत हो गई और उनके ड्राइवर की हालत नाजुक है.

जिस जगह तिराहे पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. मुमकिन है कि इस स्पॉट को भी बहुत सोच समझ कर चुना गया है, जिससे हमलावरों के पास भागने के लिए सिर्फ गली का ही रास्ता न हो, बल्कि एक तीसरा रास्ता भी हो जो सुनसान इलाके से होते हुए मेन सड़क पर जाए. जांच का फोकस ये सिल्वर रंग की गाड़ी इसलिए भी है कि इस गाड़ी का नंबर प्लेट फर्जी है. साथ ही इस गाड़ी के ड्राइविंग सीट पर लगी सीट बेल्ट भी गाड़ी के दरवाजे में फंसी है, जोकि दिखाता है कि हमलावर के साथी जिसने गाड़ी रोकी, वो घटना को अंजाम देने के बाद जल्दबाजी में गाड़ी से निकलकर बाइक पर बैठकर भाग गए.

जिस जगह पर हत्याकांड को अंजाम दिया गया ये आबादी वाला इलाका है. साथ ही खंभे पर सीसीटीवी कैमरा भी लगा है, जोकि जांच में बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है. इसके अलावा पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच पुलिस की ओर से की जा रही है, ताकि हमलावरों का रूट मैप तैयार किया जा सके कि वो किस रास्ते से आए, किस रास्ते से भागे और कहां से उन्होंने रथ की गाड़ी का पीछा करना शुरू किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here