पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर पाक समर्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी अब भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को धमकी दे रहा है।
आईएसआई के निशाने पर खास तौर पर वह भारतीय इन्फ्लुएंसर हैं जो सोशल मीडिया पर गोरक्षा सहित हिंदुत्व का प्रचार-प्रसार करने में जुटे हैं और इन्हीं मुद्दों को लेकर पाकिस्तानी गैंगेस्टर व इन्फ्लूएंसर्स को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पिछली 23 अप्रैल को नोएडा से तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और समीर खान को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपित पाकिस्तानी गैंगेस्टर शहजाद भट्टी के लिए स्लीपर सेल तैयार कर रहे थे।

इन्हें लखनऊ, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र व बिहार में कई संवेदनशील इमारतों पर हैंड ग्रेनेड से आतंकी हमले का प्रशिक्षण दिया गया था। एटीएस को इनके मोबाइल से कई रिकॉर्डिंग मिली हैं, जिनमें ग्रुुप काल के जरिए भारतीय इन्फ्लूएंसरों को धमकी दी जा रही है।
रिकॉर्डिंग में गाजियाबाद के इन्फ्लूएंसर अभिषेक ठाकुर व दक्ष चौधरी को हैंड ग्रेनेड व राकेट लांचर के हमले से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही यह धमकी भी दी जा रही है कि गर्दन काटकर शरीर में पीतल भर दूंगा।
गौरतलब है कि अभिषेक ठाकुर व दक्ष चौधरी पिछले कुछ समय से गोरक्षा व हिंदुत्व का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। हालांकि कुछ समय पहले कानून व्यवस्था भंग करने के मामले में मथुरा पुलिस ने दोनों के विरुद्ध कार्रवाई भी की थी। दोनों यू-ट्यूबरों ने पाकिस्तानी गैंगेस्टर व सोशल मीडिया इन्फ्यूएंसरों को गोरक्षा व हिंदुत्व के मुद्दे पर कई बार चुनौती भी दी है।

