भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन दो दिवसीय श्रीलंका दौरे पर रवाना हो गए, जहां वे राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और अन्य नेताओं से मिलेंगे। वे नुवारा एलिया का भी दौरा करेंगे। यात्रा से भारत-श्रीलंका संबंध और ऊर्जा सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।
नई दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन रविवार सुबह श्रीलंका के डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट रिपब्लिक की दो दिनों की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो गए हैं। यह भारत के उपराष्ट्रपति की श्रीलंका की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
इस यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात करेंगे। वह आज को श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया और अन्य व्यक्तियों से भी मिलेंगे। इसी दिन उपराष्ट्रपति भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और श्रीलंका के उत्तरी तथा पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं के साथ बातचीत करेंगे

तमिल समुदाय के लोगों को सौंपेंगे घर
इसके बाद उपराष्ट्रपति कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में वे ‘इंडियन हाउसिंग प्रोजेक्ट’ के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित घरों को तमिल समुदायों के लाभार्थियों को वर्चुअल माध्यम से सौंपेंगे। इसके साथ ही तमिल समुदायों के लिए निर्मित घरों की कुल संख्या 50,000 तक पहुंच जाएगी। इस परियोजना के चौथे चरण में 10,000 और घरों का निर्माण कार्य चल रहा है।
20 अप्रैल को करेंगे नुवारा एलिया की यात्रा
वहीं, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 20 अप्रैल को नुवारा एलिया की यात्रा करेंगे, जहां वे भारतीय आवास परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच हाल ही में हुई उच्च-स्तरीय वार्ताओं के क्रम में हो रही है। इससे भारत तथा श्रीलंका के बीच सदियों पुरानी सभ्यता और जन-दर-जन संबंधों के और अधिक सुदृढ़ होने की आशा है।

