विपक्षी कांग्रेस और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के संभावित विलय की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठले ने कहा है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी को भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल हो जाना चाहिए।
रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (आठवले गुट) के प्रमुख ने शनिवार को कहा कि उन्होंने स्वयं अतीत में पवार को अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय करने की सलाह दी थी।

लेकिन अब कांग्रेस की ताकत खत्म हो चुकी है। कांग्रेस में जाने के स्थान पर उन्हें राजग में आना चाहिए। व्यंग करते हुए कहा कि वह आरपीआई में भी अपनी पार्टी का विलय कर सकते हैं।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने हाल ही में सुझाव दिया था कि तृणमूल कांग्रेस और राकांपा (शरदचंद्र पवार) जैसी पार्टियों का कांग्रेस में विलय हो जाना चाहिए जिससे भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विकल्प तैयार किया जा सके। राउत ने यह भी कहा था कि शरद पवार को इन छोटी पार्टियों को कांग्रेस में विलय कराने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।

