NATIONAL : पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम: 15 जिलों में आंधी-बारिश अलर्ट, पारा गिरा, गर्मी से मिली राहत

0
49

जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आ गया है। मंगलवार सुबह से ही जयपुर, दौसा, अलवर सहित कई जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई, जबकि दौसा में चने के आकार के ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 15 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

बदले मौसम के कारण कई शहरों में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से आंशिक राहत मिली है।

राजधानी जयपुर में सुबह से बादल छाए रहे और बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। तेज हवाओं और बादलों की वजह से गर्मी का असर कुछ कम हुआ। जयपुर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो पिछले दिन की तुलना में 2.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान में भी 3.7 डिग्री की गिरावट हुई।

दौसा और अलवर में भी मौसम ने करवट ली।

दौसा में सुबह बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि अलवर में शाम के समय घने बादल छा गए और हल्की बारिश ने गर्मी से राहत पहुंचाई। अलवर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, लेकिन बादलों के कारण तपिश में कमी आई।

मंगलवार को जैसलमेर, चूरू, नागौर, हनुमानगढ़, बाड़मेर, पिलानी, फतेहपुर और दौसा जैसे जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट हुई। पश्चिमी हवाओं के कमजोर पड़ने और पूर्वी हवाओं के प्रभाव के चलते अधिकतर शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। हालांकि फलोदी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

उदयपुर में भी तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई, लेकिन मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव जारी रहने की संभावना जताई है। कोटा में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है, जहां तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। तेज गर्मी के चलते एक स्कूटी में आग लगने की घटना भी सामने आई।

सीकर और अजमेर में भी तापमान में गिरावट हुई है। सीकर के फतेहपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अजमेर में अधिकतम तापमान 40.5 और न्यूनतम 24.5 डिग्री मापा गया।

अजमेर में सोमवार का तापमान पिछले तीन वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ चुका था, लेकिन अब मौसम में कुछ नरमी आई है।

जोधपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यहां भीषण गर्मी से राहत के लिए अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मई के पहले सप्ताह में भी तेज गर्मी और हीटवेव के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि तेज धूप, गर्म हवाओं और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहें तथा आवश्यक सावधानियां बरतें।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here