सेशल्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘गार्डियन ऑफ़ द ब्लू होराइज़न’ से सम्मानित किया है. पीएम मोदी सेशल्स के तीन दिवसीय दौरे पर हैं.
सेशल्स के राष्ट्रपति डॉक्टर पैट्रिक हर्मिनी के साथ संयुक्त प्रेस बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘गार्डियन ऑफ़ द ब्लू होराइज़न’ सम्मान मिलना, उनके और भारत के 140 करोड़ लोगों के लिए गर्व और खुशी की बात है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं और इसे उन सभी देशों को समर्पित करता हूं जो जलवायु परिवर्तन की चुनौती से लड़ रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को भावी पीढ़ियों के प्रति अपनी दायित्व मानते हैं.”

सेशल्स के राष्ट्रपति डॉक्टर पैट्रिक हर्मिनी ने इस मौक़े पर कहा, “आज की एक ख़ास बात यह रही कि मुझे प्रधानमंत्री मोदी को ‘गार्डियन ऑफ़ द ब्लू होराइज़न’ की मानद उपाधि देने का सम्मान मिला…”
उन्होंने आगे कहा, “यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को दिया जाने वाला सेशल्स गणराज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. यह हमारी ओर से गहरे सम्मान और पहचान का प्रतीक है…”
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा ऐसे ऐतिहासिक समय में हो रही है जब सेशल्स अपनी आज़ादी के 50 साल पूरे कर रहा है. साथ ही भारत और सेशल्स के बीच राजनयिक संबंधों के भी 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि हिंद महासागर ने सदियों से भारत और सेशल्स के संबंधों को मज़बूत किया है. इसकी लहरों ने दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति और लोगों के आपसी संबंधों को लगातार बढ़ावा दिया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और सेशल्स आर्थिक सहयोग, डिजिटल तकनीक और संपर्क बढ़ाने पर मिलकर काम करेंगे. दोनों देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में साझा सुरक्षा और समृद्धि के संकल्प को भी दोहराया.


