NATIONAL : पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया नया वीडियो, बोले- जंतर-मंतर पर बच्चों ने मुझे, मेरी मां को गालियां दी, मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं

0
51

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान बोले गए अपशब्दों को बचपना करार दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र किया। इसमें उन्होंने बच्चों द्वारा दी गई गालियों पर बात की। उन्होंने इसे बच्चों का बचपना करार दिया। पीएम मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज तो मन करता है बस आपसे ही बातें करूं।जंतर-मंतर पर जो कुछ भी हुआ, देश और दुनिया ने देखा है। कुछ शरारती बच्चों ने भद्दी-भद्दी गालियाँ बोलीं। किसी भी सभ्य समाज को शोभा न दे, ऐसे शब्दों का प्रयोग किया गया। पीएम ने कहा कि मुझे तो गालियां दी ही गईं, मेरी स्वर्गीय माता को भी गालियां दी गईं। यह बहुत जाने कितना भद्दा था।

बचपन में गलतियां होती हैं…
लेकिन, मैं आज बात करना चाहता हूँ कि बचपन में गलतियाँ होती हैं। और बचपन में गलतियों से सुधरने का अवसर भी होता है। और यही तो बचपना है। मैं समाज के अंदर जो आक्रोश है, उसको भली-भांति समझ सकता हूं। उन्होंने इसे “सांस्कृतिक झटका” बताते हुए कहा कि यह चिंता का विषय है कि हमारी बेटियां भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन युवाओं को अदालतों के चक्कर कटवाने, दंडित करने या सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ये बच्चे गुमराह हैं और उन्हें सही दिशा दिखाना समाज का दायित्व है। मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं। समाज भी मेरी इस भावना को स्वीकार करे।

अपने संदेश को समझाने के लिए पीएम मोदी ने एक उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि “कभी-कभी दांतों के नीचे जीभ आ जाती है और खून निकल आता है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दांत भी हमारे हैं और जीभ भी हमारी है। उसी तरह ये बच्चे भी हमारे हैं।” वीडियो के अंत में प्रधानमंत्री ने युवाओं से देश के विकास में सहभागी बनने की अपील की।

पीएम मोदी ने युवाओं से की अपील
पीएम मोदी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा, ‘आओ! मैं इन बच्चों को कहता हूं, बच्चों आओ! हम देश के लिए साथ मिलकर के आगे बढ़ें। कुछ नया सीखें, गलतियों से भी सीखें, अपने सपनों को लेकर के चल पड़ें। देश बहुत आगे बढ़ रहा है, आगे बढ़ने वाला है। और आपका भी आगे बढ़ना निश्चित हो, यही मेरा सपना है। मैं आपके लिए जीता हूं, आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करता हूं। आओ, हम मिलकर के देश को आगे बढ़ाएं।बहुत-बहुत धन्यवाद दोस्तों! बस आओ, गलतियों से सीखो, आगे बढ़ो।”

गौरतलब है कि नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कई तरह के अपशब्द कहे थे। जिसके वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खासतौर पर इंस्टाग्राम पर खूब वायरल हुए थे। वहीं, आंदोलन खत्म होने के बाद कई अपशब्द कहने के आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में पीएम मोदी ने अपने इस वीडियो में ऐसे युवाओं के खिलाफ कार्रवाई न करने की बात कही है।

30 मिनट में 13 लाख से भी ज्यादा लोगों ने किया लाइक
बता दें कि जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और इंस्टाग्राम पर प्रदर्शन के वीडियो के वायरल होने के बाद पीएम मोदी भी इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्टिव हो गए हैं। पिछले नौ दिनों में पीएम मोदी ने पांच वीडियो पोस्ट किए हैं। जो खूब वायरल हो रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात 11 बजे जारी किए गए पीएम मोदी के पांचवे वीडियो को मात्र 30 मिनट में 13 लाख से भी ज्यादा लोगों ने लाइक किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here