NATIONAL : राहुल ने असम-बंगाल के नतीजों पर साधा निशाना; कहा- चुनाव चोरी, संस्था चोरी- अब और चारा ही क्या है!

0
47

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि असम और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चुनाव आयोग के सहयोग से चोरी किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि यह कोई अलग घटना नहीं, बल्कि एक लगातार दोहराया जाने वाला पैटर्न है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस आरोप से सहमत हैं कि राज्य में 100 से अधिक सीटें छीन ली गईं। उन्होंने लिखा कि असम और बंगाल के चुनाव परिणाम लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

कई राज्यों में दिखा पैटर्न- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे दावा किया कि यही स्थिति पहले भी कई चुनावों में देखी गई है। उन्होंने मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा 2024 का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी चुनावों में एक समान पैटर्न सामने आया है, जिस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

ममता बनर्जी ने भी लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया था कि राज्य में 100 से अधिक सीटें लूटी गई हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को भाजपा का आयोग बताते हुए चुनाव परिणामों को अनैतिक और अवैध करार दिया था। ममता बनर्जी ने कहा था कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने केंद्रीय बलों की तैनाती और केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताया।

बंगाल में बदले राजनीतिक समीकरण
हालांकि, चुनाव परिणामों के ताजा रुझानों में पश्चिम बंगाल में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि टीएमसी को बड़ा नुकसान हुआ है। कई प्रमुख सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने मजबूत प्रदर्शन किया है। भवानीपुर और नंदीग्राम जैसी हाई-प्रोफाइल सीटों पर भी भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने जीत हासिल की, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कई सीटों पर मतगणना के अंतिम चरणों में भाजपा उम्मीदवार आगे रहे हैं, जिससे राज्य में सत्ता समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने भारी बहुमत हासिल किया था, जबकि भाजपा उस समय मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here