राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर सचिन पायलट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पायलट की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें ऑफर दे दिया।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राजस्थान अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता सचिन पायलट की बहुयामी प्रतिभा का धनी बताते हुए बड़ा ऑफर दे दिया। मदन राठौड़ ने सचिन पालयट की तारीफ करते हुए कहा कि सचिन पायलट समझदार, बुद्धिमान नेता हैं, वो बीजेपी जॉइन करने के बारे में सोच सकते हैं।
बीजेपी दफ्तर में मीडिया से बात करते हुए मदन राठौड़ ने क्लियर किया कि सचिन पायलट को लेकर बीजेपी कोई सीक्रेट अभियान नहीं चला रही है। लेकिन सचिन पायलट से कांग्रेस के नेताओं ने ही दूरी बना रखी है। सचिन पायलट देश काल परिस्थिति को समझने वाले नेता हैं। उनमें राष्ट्र भक्ति का भाव है। कांग्रेस में रहते हुए उनकी आत्मा झकझोर रही होगी। ऐसे में अगर पायलट साहब खुद बीजेपी में आने का फैसला करते है तो हम उनका स्वागत करेंगे।

उन्होंने कहा कि हम भाजपा में हर उस व्यक्ति का स्वागत करेंगे, जिनमें राष्ट्र भक्ति का भाव है।
बीजेपी के दरवाजे हर उस नेता के लिए हमेशा से खुले हैं, जिसमें राष्ट्रभक्ति की भावना है, वो देश की प्रगति के लिए कुछ करना चाहता है।
मदन राठौड़, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान
वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मदन राठौड़ ने आरोप लगाते हुए कहा कि ‘कांग्रेस नेतृत्व में देशभक्ति का भाव नहीं है। इसलिए वहां से अच्छे और ईमानदार नेता पार्टी छोड़कर चले गए हैं। राष्ट्रवादी विचारधारा वाले नेताओं का कांग्रेस में मोहभंग हो रहा है।’
हाल ही में राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल की ओर से पायलट को ‘बहुरूपिया’ कहे जाने पर मदन राठौड़ ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि राधा मोहन दास अग्रवाल का मकसद अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि पायलट बहुमुखी प्रतिभा के धनी और सौम्य छवि वाले नेता हैं। अशोक गहलोत की ओर से अपमानित किए जाने पर जनता ने उनका ‘रौद्र रूप’ भी देखा है। मदन राठौड़ ने कहा कि अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के अंदाज में भावावेश में बात कही थी, उनकी मंशा गलत नहीं थी।

