कर्नाटक में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में गड़बड़ियों को लेकर NDA ने मुख्य चुनाव अधिकारी से शिकायत की है. उनका आरोप है कि बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन नहीं कर रहे, बल्कि सामूहिक रूप से फॉर्म भरे जा रहे हैं. इससे मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है.
नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी को शिकायत सौंपी. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हो रही हैं. आरोप में कहा गया है कि बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सत्यापन नहीं कर रहे हैं. इसके बजाय कम्युनिटी हॉल, मस्जिदों और अधिकारियों के घरों में सामूहिक रूप से फॉर्म भरे जा रहे हैं. वहीं व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को शिविरों में बुलाया जा रहा है.
नेताओं ने कहा कि इससे मतदाता सूची में गड़बड़ी हो रही है. नेताओं ने मांग की है कि सभी गणना फॉर्मों की दोबारा घर-घर जाकर जांच हो. इसके साथ ही गड़बड़ी में शामिल अधिकारियों और नेताओं पर सख्त कार्रवाई होने की मांग की है.

नेताओं ने पत्र में लिखा, हम कर्नाटक राज्य में मतदाता सूची के एसआईआर से जुड़े कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरते जाने पर गंभीर चिंता जाहिर करते हुए यह पत्र लिख रहे हैं. एसआईआर करने वाले अधिकारी स्वीकृत प्रक्रिया की बिल्कुल भी परवाह नहीं कर रहे हैं, जिससे लोकतंत्र की मूल भावना कमजोर हो रही है.
उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के तहत, बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को SIR दिशानिर्देश के अनुसार घर-घर जाकर जरूरी सत्यापन करना होता है. हर घर के सदस्यों की पहचान की व्यक्तिगत रूप से पुष्टि करनी होती है, लेकिन जमीनी स्तर पर ऐसा नहीं हो रहा है.
नेताओ ने पत्र में लिखा कि इसके सबूत सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं और मुख्यधारा की मीडिया ने भी इसे दिखाया है. उन्होंने कहा कि राज्य के कई अन्य हिस्सों से भी ऐसी कई शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने कांग्रेस सरकार पर अधिकारियों का गलत इस्तेमाल करने और एसआईआर प्रक्रिया को कमजोर करने का भी आरोप लगाया.


