NATIONAL : केरल में चुनाव अधिकारी रतन केलकर बने सीएम सतीशन के सचिव, बंगाल में मनोज अग्रवाल की नियुक्ति पर भड़के थे राहुल

0
20

Kerala CM Secretary: पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाए जाने पर सियासत गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे लेकर सीधे चुनाव आयोग और बीजेपी पर मिलीभगत का आरोप लगाया, जिसके बाद अब बीजेपी ने केरल का हवाला देकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।

केरल में चुनाव अधिकारी रतन केलकर बने सीएम सतीशन के सचिव
तिरुवनन्तपुरम: पश्चिम बंगाल में जीत के बाद बीजेपी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल को चीफ सेक्रेटरी बनाया है। शुभेंदु अधिकारी की इस नियुक्ति की टीएमसी के साथ कांग्रेस ने आलोचना की थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुले तौर पर इसे मनोज अग्रवाल को बंगाल चुनाव में मदद करने का इनाम बताया था।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस फैसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। इसके कुछ दिन बाद ही केरल में वीडी सतीशन सरकार ने केरल चुनाव कराने वाले IAS रतन केलकर को सचिव बनाया है, जिस पर राहुल गांधी को घेरा जा रहा है।

दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग और बीजेपी के बीच साठगांठ चल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, ‘बीजेपी-चुनाव आयोग के चोर बाजार में- जितनी बड़ी चोरी, उतना ही बड़ा इनाम।’ अब केरल में लिए गए फैसले पर उन्हे घेरा जा रहा है। इस मुद्दे पर बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए ट्वीट किया है।

चुनाव आयोग पर मदद के आरोप
गौरतलब है कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले भी तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया था। हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में बीजेपी ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 206 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है, जिसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

बीजेपी ने पलटवार कर केरल का दिया हवाला
राहुल गांधी के इस हमले के बाद बीजेपी ने भी कांग्रेस को घेरने में देर नहीं की। बीजेपी ने केरल की कांग्रेस सरकार के एक हालिया फैसले का हवाला देते हुए राहुल गांधी की मंशा पर सवाल उठाए हैं। केरल में मुख्यमंत्री वी डी सतीशन की सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया है।

राहुल गांधी का डबल स्टैंडर्ड
बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया है कि जब पश्चिम बंगाल में पूर्व चुनाव अधिकारी को मुख्य सचिव बनाया जाता है, तो राहुल गांधी इसे चोरी का इनाम बताते हैं। लेकिन इसके ठीक 10 दिन बाद जब केरल की कांग्रेस सरकार अपने यहां के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त करती है, तो क्या वह लोकतंत्र की खूबसूरती बन जाता है? इस विवाद ने अब एक नए राजनीतिक युद्ध का रूप ले लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here