इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी और बारिश के आसार हैं। 12 मई तड़के से 14 मई के बीच मौसम तेजी से बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में अचानक धूल भरी आंधी उठने की भी संभावना है। तेज हवाओं और कम दृश्यता के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के समय गर्मी बनी रहेगी, लेकिन बारिश और बादलों के कारण तापमान में अस्थायी गिरावट देखने को मिल सकती है।

पंजाब, हरियाणा में तेज हवाओं का असर
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खेतों में खड़ी फसलों और फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे गेहूं, सब्जियों और फल बागानों में पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें तथा तेज हवाओं से बचाव के लिए कमजोर पौधों को सहारा दें।


