NATIONAL : पूर्व IAS अधिकारी सुब्रत गुप्ता बने बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी के सलाहकार, बंगाल चुनाव में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका

0
25

सेवानिवृत आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता को चुनाव आयोग की तरफ से हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव 2026 में स्पेशल रोल ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था.

पश्चिम बंगाल में शनिवार (9 मई, 2026) को भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने नवनिर्वाचित सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर लिया है. मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण और राज्य में भाजपा सरकार बनने के तुरंत बाद ही पश्चिम बंगाल में प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलावों की शुरुआत हो गई है. इसी क्रम में सेवानिवृत आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया है. डॉ. सुब्रत गुप्ता की नियुक्ति की आधिकारिक अधिसूचना भी राज्य सरकार की ओर से जारी कर दी गई है.

डॉ. सुब्रत गुप्ता पश्चिम बंगाल कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं, जो अब रिटायर हो चुके हैं. हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव 2026 में सेवानिवृत आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता को चुनाव आयोग की तरफ से स्पेशल रोल ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था. हालांकि, राज्य में चुनावी प्रक्रिया के सफलतापूर्वक समापन के बाद चुनाव आयोग ने गुरुवार (7 मई, 2026) को डॉ. सुब्रत गुप्ता को उनके दायित्व से मुक्त कर दिया.

पश्चिम बंगाल के कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता की नियुक्ति की अधिसूचना शनिवार (9 मई, 2026) को जारी की गई. अधिसूचना में कहा गया कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रविंद्र नारायण रवि (R. N. Ravi) ने सेवानिवृत आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता को तत्काल प्रभाव के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सलाहकार के तौर पर नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है. बताया जा रहा है कि सुब्रत गुप्ता का प्रशासनिक अनुभव शुभेंदु अधिकारी की नई सरकार को नीति और गवर्नेंस संबंधी मामलों में मदद करेगी.

सेवानिवृत आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता को केंद्रीय चुनाव आयोग ने स्पेशल रोल ऑब्जर्बर के तौर पर पश्चिम बंगाल में नियुक्त किया था. जिन्होंने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से लेकर विधानसभा चुनाव 2026 के पूरा होने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. चुनाव आयोग ने सुब्रत गुप्ता को नवंबर, 2025 में ही बंगाल के स्पेशल रोल ऑब्जर्बर के तौर पर नियुक्त किया था, ताकि 2026 में होने वाले बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट के एसआईआर की देखरेख की जा सके.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here