NATIONAL : शाह ने राहुल को कैसे गिना दिए एक-एक राज्यों के नाम, जहां दशकों से नहीं बना कांग्रेस का कोई सीएम

0
51

पश्चिम बंगाल में भाजपा की विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर चुना गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में कांग्रेस की हार और राहुल गांधी के आरोपों को लेकर निशाना साधा।

अमित शाह ने कहा, ”कई साल से कांग्रेस पार्टी चुनाव नहीं जीतती है। उन्हें मालूम चल गया है कि चुनाव जीतना असंभव है तो इसकी प्रक्रिया को ही बदनाम करने में जुटे हैं। इसलिए कांग्रेस के प्रमुख नेता राहुल गांधी ने अपनी हार को छिपाने के लिए कभी ईवीएम, कभी मतदाता सूची, कभी एसआईआर, कभी वोट चोरी जैसे कीचड़ उछालने की कोशिश की है।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ”हम तो 2014 में सत्ता में आए। तमिलनाडु में 1967 से अब तक कांग्रेस का कोई सीएम नहीं बन पाया। ये वोट चोरी था क्या? पश्चिम बंगाल में 49 साल से आपका सीएम नहीं बना। सिक्किम में 42 साल से आपका सीएम नहीं बना। बिहार में 36 साल से, गुजरात में 30 साल से, ओडिशा में 26 साल, नागालैंड में 23 साल और महाराष्ट्र में 12 साल से आपका सीएम नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, ”अगर ये सभी वोट चोरी है तो वोट चोरी करने वाले तो आपके साथ बैठे हैं। ये सभी इंडी गठबंधन के सदस्य बने बैठे हैं। मैं मानता हूं कि कांग्रेस पार्टी को अपनी हार के लिए आत्मचिंतन करने की जरूरत है। देश की जनता राहुल गांधी के नेता बनने के बाद शनै:-शनै: हर जगह कांग्रेस के खिलाफ बहुमत दे रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में ही इंडी गठबंधन के फिर से टूटने की शुरुआत हो चुकी है।”

अमित शाह ने इस दौरान शुभेंदु अधिकारी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि भवानीपुर की जनता का मैं बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहता हूं। शुभेंदु दा ने गत चुनाव में दीदी को नंदीग्राम में हराया था। मैंने दीदी का एक इंटरव्यू देखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं उनके गढ़ में लड़ने चली गई। दीदी, इस बार शुभेंदु दा ने आपको आपके घर में हराया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here