NATIONAL : संदेशखाली में फायरिंग, पुलिस अधिकारी और CRPF जवान घायल, बम बरामद

0
64

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में अज्ञात बदमाशों ने पुलिस और सीआरपीएफ पर फायरिंग की है. इस घटना में थानाध्यक्ष भारत प्रसून पुरकैत समेत पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. फायरिंग की इस घटना के कारण इलाके में तनाव है.

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है. सोमवार देर रात न्याजत थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरबेरिया आगराहाटी ग्राम पंचायत के बामोंघेरी इलाके में अज्ञात बदमाशों ने पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी. इस घटना में थानाध्यक्ष भारत प्रसून पुरकैत समेत तीन पुलिसकर्मी और दो सीआरपीएफ जवान घायल हो गए. इलाके में भारी तनाव व्याप्त है.

पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी अचानक बदमाशों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी. गोलीबारी में थानाध्यक्ष भारत प्रसून पुरकैत, पुलिसकर्मी भास्वत गोस्वामी और एक महिला कांस्टेबल घायल हुए. साथ ही दो सीआरपीएफ जवानों को भी गोली लगी. सभी घायलों को सबसे पहले मीनाखान रूरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर तलाशी ली और एक बैग भर बम तथा हथियार बरामद किए. पुलिस सूत्रों के अनुसार इलाके में शाम से ही राजनीतिक तनाव बना हुआ था, जो रात में हिंसक रूप ले लिया.

न्याजत क्षेत्र में पहले भी बम और गोला-बारूद बरामद किया जा चुका है, जिसके चलते सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई थी. संदेशखाली में पिछले कई महीनों से राजनीतिक हिंसा, भूमि विवाद और महिलाओं पर अत्याचार के आरोप लगते रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रात की इस फायरिंग से पूरा क्षेत्र दहल गया है. कई जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और नाकाबंदी की गई है. पश्चिम बंगाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है.

उच्च अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच चुकी है. पुलिस ने कहा कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. बरामद बमों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि बदमाशों के पास अत्याधुनिक हथियार थे. राजनीतिक दलों ने इस घटना की निंदा की है. विपक्षी दलों ने राज्य सरकार पर इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने का आरोप लगाया है. वहीं, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने इसे साजिश बताते हुए कहा कि कुछ तत्व शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं.

संदेशखाली में यह ताजा घटना तब हुई है जब पहले से ही इलाके में सीआरपीएफ और राज्य पुलिस की भारी तैनाती है. घायल थानाध्यक्ष और जवानों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन दो जवानों की चोटें गंभीर बताई जा रही हैं. पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर छानबीन जारी है. प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here