NATIONAL : 100 रुपये उधार लेकर बोला- ‘आज किसी को मारनी है गोली…’, फिर पूर्व सरपंच के पति पर कर दी फायरिंग

0
126

पंजाब के मोहाली में पूर्व सरपंच के पति रजनीश कुमार को गोली मारने के मामले में जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व सैनिक महिंदर सिंह उर्फ मिंदा ने वारदात से ठीक पहले रजनीश कुमार से 100 रुपये उधार लिए थे. उसने यह कहकर पैसे मांगे थे कि उसे शराब पीनी है. इतना ही नहीं, उसने पैसे लेते समय कथित तौर पर यह भी कहा था कि “आज किसी को गोली मारनी है.”

उस वक्त रजनीश कुमार को लगा कि महिंदर मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी शराब पीकर लौटा और दुकान के बाहर बैठे रजनीश पर फायरिंग कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय बाजार में काफी भीड़ थी और कई बच्चे भी आसपास खेल रहे थे. सियालबा निवासी विजय कुमार ने बताया कि गोली चलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी से राइफल छीन ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

वहीं, मौके पर मौजूद अभिजीत सिंह ने बताया कि शनिवार होने के कारण बाजार में चहल-पहल थी. इसी दौरान महिंदर सिंह अचानक वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के रजनीश कुमार पर फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली रजनीश के पेट में लगी, दूसरी दीवार में जा लगी, जबकि तीसरा फायर हवा में किया गया. लोगों ने समय रहते आरोपी को काबू कर लिया, नहीं तो कई अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ सकते थे.

घायल को तुरंत पीजीआई पहुंचाया गया
पड़ोसी दुकानदार शिव कुमार ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर वह बाहर आए तो देखा कि रजनीश कुमार पेट पकड़कर खड़े थे और खून बह रहा था. उन्होंने बिना देर किए घायल को पीजीआई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया. फिलहाल उनका इलाज जारी है.

आरोपी गिरफ्तार, एक दिन की पुलिस रिमांड
मामले के जांच अधिकारी परमिंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया. घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिलहाल अनफिट घोषित किया है.

घायल के भाई विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है.

लाइसेंसी हथियार और प्रशासन से जवाब तलब
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिंदर सिंह पूर्व सैनिक है और आर्थिक रूप से संपन्न परिवार से ताल्लुक रखता है. उसकी दो बेटियां विदेश में सेटल हैं, जबकि बेटा मोहाली की एक निजी कंपनी में कार्यरत है. उसके पास सुरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार था.

अब पुलिस ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर पूछा है कि यदि आरोपी नशे का आदी था तो उसे हथियार का लाइसेंस कैसे जारी किया गया. प्रशासन ने लाइसेंस जारी करने की पूरी प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी है. वहीं पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे सिर्फ नशा वजह था या कोई पुरानी रंजिश भी थी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here