पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं और जनता को धन्यवाद दिया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम और पश्चिम बंगाल में जीत को लेकर एक्स पर पोस्ट किया और इस जीत को पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं को इसका श्रेय दिया। साथ ही प्रधानमंत्री में दिल्ली भाजपा मुख्यालय पहुंचें और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत, कई पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रयासों और संघर्षों के बिना मुमकिन नहीं थी। मैं उन सभी को नमन करता हूं, सालों तक उन्होंने कड़ी मेहनत की है, हर तरह के मुश्किल का सामना किया है और विकास के एजेंडे को लोगों तक पहुंचाया है। वे ही हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।”
आगे एक अन्य पोस्ट में लिखा, “पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया, इस चुनाव को हमेशा याद रखा जाएगा। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।”

आगे लिखा, “जनता ने भाजपा को एक शानदार जनादेश दिया है और उन्हें मैं भरोसा दिलाता हूं कि हमारी पार्टी राज्य की जनता के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव कोशिश करेगी। हम एक ऐसी सरकार देंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान देगी।”
असम की तीसरी बार पार्टी की जीत को लेकर भी पीएम मोदी ने लिखा, असम ने एक बार फिर भाजपा-एनडीए को अपना आशीर्वाद दिया है। विधानसभा चुनावों में एनडीए की जीत, हमारे गठबंधन के विकास पर दिए जा रहे जोर और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के प्रति अटूट समर्थन को दर्शाती है। मैं असम के भाई-बहनों का इस जनादेश के लिए धन्यवाद करता हूं। मैं उन्हें यह भी भरोसा दिलाता हूं कि हम राज्य के कायाकल्प के लिए लगातार काम करते रहेंगे।
संबोधन के दौरान पीएम ने कहा, “आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा-NDA की सरकारें हैं। हमारा मंत्र है नागरिक देवो भवः। हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं और इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा, वहां गु गवर्नेंस। जहां भाजपा, वहां विकास।”
आगे कहा, “आज भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में मेरे मन में एक और बात आ रही है। वो बात ये है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को आज कितनी शांति मिली होगी। उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ता को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए मरना है। उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवन देने में एक पल का भी संकोच नहीं करते। डॉ. मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी।”
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार ऐतिहासिक जीत हासिल की है। भाजपा ने राज्य में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। पश्चिम बंगाल में बहुमत का आंकड़ा 147 सीट है, जिससे बीजेपी काफी आगे चल रही है। इधर भाजपा की इस जीत को लेकर ममता बनर्जी ने करारा हमला बोला है और भाजपा पर सीटें लूटने का आरोप लगाया है। साथ चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


