तमिलनाडु पुलिस ने टीवीके विधायक के आरोपों के बाद थलपति विजय की सरकार को गिरने की साजिश और हॉर्स-ट्रेडिंग के सिलसिले में तीन लोगों को अरेस्ट किया है। पुलिस के अनुसार आराेपियाें के तार डीएमके विधायक और पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी से जुड़ रहे हैं। इस खुलासे के बाद तमिलनाडु की राजनीति गरमा गई है।
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में करिश्माई जीत हासिल करके मुख्यमंत्री बने सीएम सी जोसेफ विजय 10 जुलाई को दो महीने पूरे करेंगे। इस पहले तमिलनाडु में विजय की सरकार को अस्थिर करने की साजिश सामने आई है। तमिलनाडु पुलिस ने तीन लोगों को विधायकों को 35 करोड़ रुपये ऑफर करने और हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों में अरेस्ट किया है। इस पूरे मामले में डीएमके के कद्दावर और पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी का नाम उछलने से राजनीति गरमा गई है। दावा किया जा रहा है कि पुलिस के इंटेलीजेंस विभाग ने इस मामले की भनक लगते ही सरकार गिराने की साजिश को विफल कर दिया। दावा किया जा रहा है कि करीब 15 विधायकों से विपक्ष में वोट दिलवाने की साजिश रची जा रही थी।

पुलिस ने यह कार्रवाई तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के विधायक एन. इलैयाराजा के आरोपों के बाद की गई है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें विधानसभा स्पीकर के खिलाफ प्रस्तावित प्रस्ताव पर अपना वोट प्रभावित करने के लिए 35 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था। बुधवार को जारी पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जांच में पूर्व डीएमके मंत्री वी सेंथिल बालाजी और उनके भाई वी अशोक कुमार का नाम भी कथित तौर पर इस साजिश से जुड़ा पाया गया है। 29 जून को चेन्नई पुलिस कमिश्नर के पास इलैयाराजा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में विजय की पार्टी टीवीके बहुमत से चूक गई थी। विजय डीएमके के सहयोगी दलों से मिले समर्थन से सरकार चला रहे हैं।
टीवीएके एमएलए इलैयाराजा की शिकायत के अनुसार, थिरुनावुक्करसु नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने दावा किया कि वह ‘इंडियन पॉलिटिकल डेमोक्रेटिक स्ट्रैटेजीज़’ (IPDS) नाम की एक ओपिनियन पोलिंग संस्था का प्रमुख है और एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के सदस्यों की ओर से बात कर रहा है। कॉलर ने कथित तौर पर टीवीके विधायक से कहा कि तमिलनाडु विधानसभा के स्पीकर के खिलाफ एक प्रस्ताव लाया जाएगा और उनसे कहा कि वे सत्ताधारी पार्टी का सदस्य होने के बावजूद एक खास तरीके से वोट करें। इसके बदले में उसने कथित तौर पर इलैयाराजा को 35 करोड़ रुपये तक का ऑफर दिया।

