CNG Price Hike: दिल्ली और एनसीआर में सीएनजी से चलने वाली गाड़ियों का सफर महंगा हो गया है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सीएनजी के दामों में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है. नई दरें शनिवार 29 अगस्त सुबह 6 बजे से लागू हो जाएंगी. इस फैसले के बाद राजधानी में सीएनजी 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो मिलेगी. यह बढ़ोतरी नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के सभी इलाकों में लागू होगी.
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में गाड़ी चलाने वालों को महंगाई का झटका लगा है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सीएनजी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया है. शनिवार, 29 अगस्त सुबह 6 बजे से सीएनजी के दाम 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ जाएंगे. इस इजाफे के बाद दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 86.98 रुपये प्रति किलो हो जाएगी. अब तक राजधानी में यह 83.09 रुपये प्रति किलो मिल रही थी. बढ़ी हुई नई दरें दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी तुरंत लागू होंगी. इससे ऑटो, कैब और प्राइवेट कार चालकों का सफर महंगा हो जाएगा.

मई में भी 11 दिनों के अंदर 6 रुपये महंगी हुई थी सीएनजी
दिल्ली-एनसीआर में इससे पहले मई के महीने में भी महज 11 दिनों के भीतर सीएनजी के दाम 6 रुपये तक बढ़ाए गए थे. उस दौरान 26 मई को 2 रुपये की बढ़ोतरी के बाद राजधानी में सीएनजी 81.09 रुपये से बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी. इसके साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी दरें बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई थीं.
पब्लिक सेक्टर की कंपनी IGL ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की कीमतें ‘काफी ज़्यादा’ हैं. कंपनी ने कहा कि ‘लागत का असर तेज़ी से बढ़ रहा है’, इसलिए ‘सीएनजी सप्लाई की निरंतरता और भरोसेमंदता बनाए रखते हुए इनपुट गैस की लागत में हुई बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई के लिए अब 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम का बदलाव करना जरूरी हो गया है’.कंपनी ने अपने बयान में इसके साथ ही कहा, ‘इस बदलाव के बाद भी दिल्ली में CNG की खुदरा कीमत ग्राहकों के लिए सबसे किफायती विकल्पों में से एक बनी हुई है.’ इसमें आगे कहा गया, ‘सीएनजी ग्राहक आयातित स्पॉट एनएलजी की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के असर से काफी हद तक बचे हुए हैं.’

