NATIONAL : 40-50 साल पुराना था PG, बेसमेंट में चल रही थी मरम्मत… सत्य निकेतन हादसे में तीन मौत

0
341

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को सत्य निकेतन इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया. सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत ढह गई, इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है. पीएम मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है.

दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत भरभराकर गिर गई. जानकारी के मुताबिक, इस इमारत में दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र रह रहे थे. इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है.

ANI के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बताया कि रविवार को सत्य निकेतन इलाके में गिरी इमारत लगभग 40 से 50 साल पुरानी थी. और इस इमारत की बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था. जानकारी के मुताबिक, इस इमारत का इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था. फिलहाल दिल्ली पुलिस, NDRF और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी हादसे वाली जगह पर पहुंची थी. CM ने बताया कि 11 लोगों को निकाला गया, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है.मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एम्स पहुंचकर घायलों से भी मुलाकात की.

मुख्यमंत्री के मुताबिक, बेसमेंट में खुदाई का काम चल रहा था जिसके कारण एक पिलर खिसक गया और पूरी इमारत ढह गई. मुख्यमंत्री का कहना है कि सरकार की प्राथमिकता सभी बच्चों को बचाना है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हादसे में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है. साथ ही, उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है.सत्य निकेतन के आस पास रहने वाले छात्रों ने बताया कि इस इलाके में PG में एक कमरे में कई छात्र रहते हैं. छात्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, PG की एक मंजिल पर चार कमरे और लगभग 10 बेड हैं.

इस हादसे पर NDRF के इंस्पेक्टर जनरल NS बुंदेला ने बताया कि फिलहाल NDRF के 70 जवान मौके पर राहत-बचाव कार्य में लगे हैं. साथ ही, डॉग स्क्वाड भी मौके पर मौजूद है. कटिंग और तकनीकी उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.

दिल्ली विश्वविद्यालय ने भी इस हादसे पर दुख जताया है. विश्वविद्यालय ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस हादसे पर चिंता जताई है. उन्होंने NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दल से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने की अपील की है. राहुल गांधी का कहना है कि कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं और हर संभव मदद के लिए तैयार हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here