NATIONAL : ATS ने यूपी से दो संद‍िग्‍ध आतंकि‍यों को दबोचा, PAK गैंगस्टरों के संपर्क में थे; पंजाब ब्‍लास्‍ट से भी जुड़े तार

0
166

आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने इंटरनेट मीडिया के जरिए संचालित एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए बाराबंकी और कुशीनगर से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आतंकियों की पहचान कुशीनगर निवासी 20 वर्षीय कृष्णा मिश्रा और बाराबंकी निवासी 23 वर्षीय दानियाल अशरफ के रूप में हुई है। दोनों पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम कर रहे गैंगस्टर नेटवर्क के संपर्क में थे और संवेदनशील ठिकानों पर हमले की साजिश रच रहे थे।

एटीएस ने 23 अप्रैल को नोएडा से दो संदेश आतंकी तुषार चौहान और समीर खान को गिरफ्तार किया था। दोनों से पाकिस्तानी गैंगस्टरों के लिए काम करने वाले कई युवकों की जानकारी मिली थी। आरोपितों ने बताया था पाकिस्तानी गैंगस्टर उत्तर प्रदेश में इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्म इंस्टाग्राम के जरिए स्लीपर सेल तैयार कर रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर दोनों संदिग्ध आतंकियों को बाराबंकी व कुशीनगर से गिरफ्तार किया गया है।

एटीएस के अनुसार, दोनों आरोपी इंस्टाग्राम समेत विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के संपर्क में आए। पाकिस्तानी गैंगस्टर ने इन्हें संवेदनशील स्थानों पर ग्रेनेड से हमले का लक्ष्य दिया था। एटीएस की टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि इन गैंगस्टरों के तार हाल ही में पंजाब में हुए विस्फोट से जुड़े हैं या नहीं।

पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई है कि दानियाल ने एक अन्य राज्य के पुलिस स्टेशन की रेकी कर वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजी थी। उसने आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए पैसे और हथियार की मांग भी की थी। वहीं, कृष्णा के मोबाइल में ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें वर्दीधारी व्यक्ति को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे।

एटीएस के अनुसार, दानियाल अशरफ के पास से एक देशी पिस्टल (9 एमएम), चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। वहीं, कृष्णा मिश्रा के कब्जे से एक तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एटीएस ने पांच मई को गोरखपुर से कृष्णा और छह मई को बाराबंकी से दानियाल को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एटीएस अधिकारियों का कहना है कि इस माड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित आतंकी घटना को समय रहते रोका जा सके। एटीएस की टीम तुषार और समीर को नोएडा लेकर गई थी वहां पर कई ठिकानों की छानबीन करने के बाद इन्हें बुधवार को जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here