NATIONAL : NTA की सुरक्षा अब CISF के हवाले, 39 जवान संभालेंगे गोपनीय क्षेत्र; पेपर लीक के बाद सुरक्षा चक्र और कड़ा

0
39

NEET पेपर लीक के बाद NTA ने परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। 39 CISF जवानों की तैनाती और गोपनीय क्षेत्रों की निगरानी के साथ अब प्रश्नपत्र से लेकर साइबर सिस्टम तक सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा।

नई दिल्ली: पेपर लीक को लेकर लगातार उठते सवालों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी NTA ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नई दिल्ली स्थित NTA कार्यालय में अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF के 39 जवान तैनात किए गए हैं। ये जवान परीक्षा से जुड़े गोपनीय क्षेत्रों की निगरानी, प्रवेश नियंत्रण और कर्मचारियों व आगंतुकों की जांच की जिम्मेदारी संभालेंगे। संवेदनशील परीक्षा सामग्री तक किसी भी अनधिकृत पहुंच को रोकने के लिए गोपनीय क्षेत्रों को अलग से चिह्नित किया गया है और वहां होने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

CISF के जवानों को मिंटो रोड स्थित भारत सरकार के प्रेस भवन में बनाए गए गोपनीय क्षेत्रों के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर तैनात किया गया है। इन जवानों की जिम्मेदारी में प्रवेश नियंत्रण और जांच व्यवस्था शामिल होगी।


कर्मचारियों और आगंतुकों की तलाशी के लिए एक्स-रे सामान जांच मशीनों और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर यानी DFMD का इस्तेमाल किया जाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, भवन में गोपनीय क्षेत्रों को अलग से चिह्नित किया गया है। इन क्षेत्रों में आवाजाही और कामकाज की सख्त निगरानी की जाएगी, ताकि परीक्षा से जुड़ी संवेदनशील सामग्री की सुरक्षा के लिए एक पूरी तरह सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

गृह मंत्रालय ने मंजूर किया CISF सुरक्षा कवच
अधिकारी ने बताया कि इन परिसरों के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की सुरक्षा व्यवस्था को गृह मंत्रालय ने मंजूरी दी है। NTA के नए सुरक्षा ढांचे का उद्देश्य केवल कार्यालय की भौतिक सुरक्षा तक सीमित नहीं है। परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री, तकनीकी प्रणालियों और संवेदनशील कामकाज को अनधिकृत पहुंच से बचाने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था तैयार की जा रही है।

ओखला से मिंटो रोड पहुंचा NTA का संवेदनशील काम
NTA ने हाल ही में अपने पुराने ओखला कार्यालय से गोपनीय और संवेदनशील कामकाज को मिंटो रोड स्थित नए परिसर में स्थानांतरित किया है। सरकारी भारत मुद्रणालय भवन में NTA को 55,000 वर्ग फुट से अधिक का समर्पित कार्यालय स्थान दिया गया है। NTA को भवन की पांचवीं मंजिल और चौथी और छठी मंजिल के कुछ हिस्से आवंटित किए गए हैं। अधिकारी के मुताबिक, पिछले एक महीने में गोपनीय और संवेदनशील कामकाज को नए आवंटित भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रेस भवन के अन्य हिस्सों में पहले से ही CISF की सुरक्षा व्यवस्था है। अब NTA के परीक्षा संबंधी गोपनीय क्षेत्रों के लिए भी अलग और समर्पित सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

NTA परीक्षा चक्र के दौरान इस्तेमाल होने वाली तमाम प्रणालियों की सुरक्षा की भी समीक्षा कर रहा है। इसमें उम्मीदवारों का पंजीकरण, शुल्क भुगतान, प्रवेश पत्र, कंप्यूटर आधारित परीक्षा, ओएमआर प्रसंस्करण, परिणाम प्रणाली और परीक्षा से जुड़ा अन्य ढांचा शामिल है। हर परीक्षा चक्र से पहले परीक्षा से जुड़ी सभी प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए NTA के प्रौद्योगिकी विभाग और परीक्षा सुरक्षा से जुड़े विभाग के बीच समन्वय किया जा रहा है।

पेपर लीक ने खोली थी सुरक्षा व्यवस्था की खामियां
NTA की सुरक्षा व्यवस्था में यह बड़ा बदलाव 2024 NEET-UG पेपर लीक के बाद सामने आई खामियों की पृष्ठभूमि में हो रहा है। इस मामले के बाद देशभर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था और NTA की परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे थे। CBI की आरोपपत्र में तीन विषय विशेषज्ञों को लीक हुए प्रश्नपत्र का प्राथमिक स्रोत बताया गया था। आरोपपत्र के मुताबिक, NTA के गोपनीय विभाग में प्रवेश करने और वहां से बाहर निकलने के दौरान इन विशेषज्ञों की जांच या तलाशी नहीं ली गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here