लोकसभा सचिवालय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से 28 अगस्त तक जवाब मांगा है।यह जवाब सदन में ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा के दौरान शाह के खिलाफ टिप्पणी को लेकर विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना के नोटिसों के संबंध में मांगा गया है।
राहुल को शाह पर टिप्पणी के लिए नोटिस
14 अगस्त के एक पत्र में संयुक्त सचिव एच राम प्रकाश ने कहा कि ये नोटिस भाजपा सांसदों अनुराग सिंह ठाकुर और संजय जायसवाल की ओर से दिए गए थे।
ठाकुर ने 30 जुलाई को भेजे गए नोटिस में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने नियम 353 के तहत पहले से नोटिस दिए बिना चर्चा के दौरान गृह मंत्री के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और गंभीर आरोप लगाए।

जबकि 29 जुलाई को संजय जायसवाल ने एक अलग पत्र में गांधी द्वारा असंसदीय भाषा के इस्तेमाल का संज्ञान लेने और प्रक्रिया नियमों के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की।
लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी को भेजे नोटिस में कहा है कि वह मामले में 28 अगस्त तक अपना जवाब या टिप्पणी माननीय लोकसभा अध्यक्ष के विचार के लिए भेजें।
भाजपा सांसदों ने की शिकायत
जायसवाल ने अपने नोटिस में कहा, ‘संसदीय लोकतंत्र में सरकारी नीति की कड़ी आलोचना एक वैध और आवश्यक विशेषता है, लेकिन सदन की कार्यवाही के दौरान व्यक्तिगत हमले और अपमानजनक, मानहानि करने वाली या असंसदीय भाषा के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जा सकती।’
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
उन्होंने आग्रह किया कि अगर कोई भी अभिव्यक्ति असंसदीय, अपमानजनक या सदन के नियमों और परंपराओं का उल्लंघन करने वाली पाई जाए तो उसे नियम 380 के तहत कार्यवाही से हटा दिया जाए।
जायसवाल ने यह भी मांग की है कि अध्यक्ष द्वारा राहुल गांधी को एक सांसद के रूप में अपेक्षित गरिमा, संयम और शिष्टाचार को बनाए रखने को लेकर आगाह किया जाना चाहिए।

