जम्मू-कश्मीर के उत्तरी कश्मीर स्थित बारामुला जिले के उड़ी क्षेत्र में लगातार भारी बारिश के कारण राजेरवानी में बड़ा भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। वहीं, 33 केवी बिजली ट्रांसमिशन लाइन क्षतिग्रस्त होने से करीब 40 से 50 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
सड़क पर गिर रहे पत्थर, आवाजाही प्रभावित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूस्खलन एनएचपीसी उड़ी-I के पास एडीआईटी-4 के नजदीक हुआ। प्रभावित इलाके में लगातार पत्थर गिरने के कारण सड़क से मलबा हटाने का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों से प्रभावित मार्ग पर यात्रा करने से बचने की अपील की है।
50 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप
भूस्खलन की चपेट में आने से 33 केवी की मुख्य विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते क्षेत्र के लगभग 40 से 50 गांवों में अंधेरा छा गया। बिजली विभाग के अनुसार, लगातार बारिश और पत्थर गिरने के खतरे के कारण मरम्मत कर्मचारियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने पर बिजली बहाली का काम प्राथमिकता से शुरू किया जाएगा।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग की सलाह
प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों को प्रभावित सड़क से दूर रहने की सलाह दी है। वैकल्पिक मार्ग के तौर पर गिंगल–दवारान–परनपिल्लन–बांडी–उड़ी मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
स्थानीय लोगों की बढ़ी परेशानी
सड़क बंद होने और बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्थानीय निवासियों को आवागमन और दैनिक जरूरतों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क बहाल करने, बिजली आपूर्ति शुरू करने और संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
जब तक प्रभावित सड़क को सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक वहां जाने से बचें और यातायात संबंधी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।


