NATIONAL : एयर इंडिया के पायलट की दिल्ली के होटल में संदिग्ध मौत, लेओवर के दौरान रुके थे, जांच शुरू

0
258

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लेओवर पर रुके एयर इंडिया के एक पायलट की शुक्रवार शाम वसंत कुंज स्थित एक होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक पायलट की उम्र 40 वर्ष के आसपास थी और वे मूल रूप से मुंबई के रहने वाले थे। उन्होंने हाल ही में एयर इंडिया एक्सप्रेस से ट्रांसफर लेकर एयर इंडिया जॉइन किया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कब सामने घटना
शुरुआती जानकारी के अनुसार लगातार कॉल करने के बाद भी जवाब न मिलने पर पायलट के भाई ने होटल मैनेजर से संपर्क किया। इसके बाद होटल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने मास्टर-चाबी की मदद से कमरे के दरवाजा खोला तो पायलट अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार को किया था होटल में चेक-इन
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पायलट ने गुरुवार को होटल में चेक-इन किया था। शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में मृतक पायलट के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम की अंतिम मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

क्या बोला एयर इंडिया
मामले में एयर इंडिया के प्रवक्ता ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एयरलाइन कॉकपिट क्रू के अपने साथी के निधन से बेहद दुखी है। कंपनी लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में है और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here