NATIONAL : पहले प्यार, फिर कोर्ट मैरिज और दो महीने बाद हत्या… पति ने पत्नी के सिर पर रॉड मारकर ली जान

0
144

कानपुर देहात में दो महीने पहले हुई लव मैरिज का दर्दनाक अंत हो गया. पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान गजेंद्र संखवार ने पत्नी सपना उर्फ आसमा के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी.

कानपुर देहात में घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी के सिर पर रॉड मारकर हत्या कर दी. अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में RTO कार्यालय के पास किराए के मकान में रहने वाली महिला पर उसके पति ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 29 वर्षीय सपना उर्फ आसमा के रूप में हुई है. वह डेरापुर थाना क्षेत्र के डुडौली गांव की रहने वाली थी. सपना अपने 30 वर्षीय पति गजेंद्र संखवार के साथ अकबरपुर में रह रही थी. गजेंद्र मिस्त्री का काम करता है.

पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे सपना मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गजेंद्र ने लोहे की रॉड उठाकर सपना के सिर पर हमला कर दिया.

हमले में सपना के सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ी. घटना के बाद गजेंद्र ने खुद पुलिस को फोन किया और बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा.

पुलिस ने सपना को अकबरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की.

वारदात के बाद आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जानकारी में पुलिस के सामने घरेलू विवाद को हत्या की वजह बताया गया है.

सपना और गजेंद्र ने करीब दो महीने पहले ही माती कोर्ट में कोर्ट मैरिज की थी. दोनों ने परिवार से अलग अपना घर बसाया था. शादी को अभी ज्यादा वक्त भी नहीं बीता था कि मामूली विवाद ने रिश्ते का दर्दनाक अंत कर दिया.

जिस रिश्ते की शुरुआत साथ जीवन बिताने के फैसले से हुई थी, वह महज दो महीने बाद हत्या की वारदात में बदल गया. घटना के बाद इलाके में भी सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

कानपुर देहात के अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने बताया कि दोनों ने करीब दो महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी. घरेलू विवाद के चलते गजेंद्र ने रॉड से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी. मृतका का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है.

पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है. विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और हमले की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसे लेकर पूछताछ की जा रही है.

फिलहाल पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. आरोपी द्वारा खुद पुलिस को सूचना दिए जाने की बात भी जांच का हिस्सा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here