झारखंड के धनबाद से एक हैरान और दहलाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक महिला की मौत हो गई और उसका शव 5 दिनों तक घर में ही पड़ा रहा है. जिसके बाद उसके भाई ने उसका अंतिम संस्कार घर के ही बाथरूम में कर दिया.
धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक युवती की मौत के बाद उसका शव 5 दिनों तक घर में ही पड़ा रहा. जिसके बाद उसके भाई ने बाथरूम में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया. यह घटना वास्तु विहार स्थित एक आवासीय कॉलोनी की हैं. घटना का पता, तब चला जब घर से तेज बदबू और जलने की दुर्गंध आने लगी. आस-पड़ोस के लोगों का इससे रहना मुश्किल हो गया. जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम से जली हुई लाश बरामद की. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है. जिस घर में लाश जलाई गई, वह घर सीआईएमएफआर (CIMFR) के रिटायर्ड वैज्ञानिक संगीत कुमार का था. जिनकी 2023 में मौत हो गई थी. उनकी तलाकशुदा बेटी लिपिका लंबे समय से डिप्रेशन में थी और अकेले रहती थी. धीरे-धीरे परिवार के दूसरे सदस्य भी समाज से कटते चले गए और लोगों से दूरी बना ली.

गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु कुमार राउत ने कहा कि बाथरूम में एक जली हुई लाश मिली है. बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही ज्यादा कुछ पता चलेगा. पुलिस अभी जांच कर रही है. लिपिका के बड़े भाई प्रणव के मुताबिक, लिपिका की मौत 8 तारीख को हुई थी. वह बार-बार शौचालय जा रही थी. ऐसे में उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई.
जिसके बाद प्रणव ने अपने छोटे भाई प्रबुद्ध राजवर्धन को इसकी जानकारी दी. लेकिन वह नहीं आया. किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. प्रणव ने कहा कि उसकी बहन के शव में कीड़े पड़ गए थे, इसलिए उसने तकिया, रजाई और कंबल से उसका अंतिम संस्कार कर दिया. वहीं छोटे भाई प्रबुद्ध राजवर्धन का कहना है कि उसके भाई ने उसे बहन की मौत की खबर दी थी और वह रविवार सुबह अंतिम संस्कार का सामान लेकर पहुंचा भी था. जब वह घर पहुंचा तो उसके बड़े भाई ने कहा, “हमने अंतिम संस्कार कर दिया है ” उस समय घर से कोई बदबू नहीं आ रही थी.

