NATIONAL : मुंबई में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरी, हादसे में 2 लोगों की मौत

0
34

भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात राजा गणपति मंडल की करीब 3 टन वजनी गणेश प्रतिमा पंडाल में स्थापित करने से पहले ही गिर गई, जिसके चलते 2 लोगों की मौत हो गई औऱ 5 लोग घायल हो गए हैं.

मुंबई स्थित भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. भुलेश्वरचा राजा गणपति मंडल की करीब 3 टन वजनी गणेश प्रतिमा पंडाल में स्थापित किए जाने से पहले ही तकनीकी वजह से गिर गई. हादसा बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना, जय अंबे चौक, भुलेश्वर इलाके में हुआ.

जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त की रात करीब 9:51 बजे गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान यह हादसा हुआ. प्रतिमा गिरने की चपेट में आने से कुल 7 लोग प्रभावित हुए, जिनमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हैं. मृतकों की पहचान संकते नेवसे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है. संकते नेवसे भुलेश्वरचा राजा गणपति मंडल के अध्यक्ष थे. उन्हें रिलायंस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घायल हुए लोगों में बच्चे भी, जी.टी. अस्पताल में चल रहा इलाज
दूसरे मृतक बृजेश हेमंत जोशी पेशे से अकाउंटेंट थे और गणेश भक्त के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद थे. उन्हें जी.टी. अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बृजेश के परिवार में उनकी करीब 2 साल की एक संतान है. उनके पिता का काफी समय पहले निधन हो गया था और तब से परिवार की जिम्मेदारी बृजेश के कंधों पर थी.

हादसे में वैभव घेनंद (38) और पवन चौरसिया (25) घायल हुए हैं. दोनों का जी.टी. अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है. इसके अलावा 5 वर्षीय लावण्या गनेर, 7 वर्षीय दिव्या गनेर और 26 वर्षीय कुणाल काशीद घायल हुए हैं. तीनों का जे.जे. अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है. सैफी अस्पताल में इस हादसे से संबंधित किसी घायल के भर्ती होने की सूचना नहीं है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here