NATIONAL : वाल्मीकि स्कैम: बी नागेंद्र ने दूसरी बार दिया कर्नाटक कैबिनेट से इस्तीफा, प्रेस ब्रीफिंग में रो पड़े

0
120

कर्नाटक में कांग्रेस नेता बी. नागेंद्र ने शुक्रवार को डीके कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। वह दो साल में दूसरी बार ऐसा करने वाले मंत्री बन गए। नागेंद्र पर 89 करोड़ के घोटाले का आरोप है। बता दें इसी महीने की शुरुआत में कैबिनेट विस्तार के दौरान उन्हें दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। इससे पहले वह 2024 में सिद्धरमैया सरकार में भी मंत्री रहे थे।

शुक्रवार शाम को इस्तीफे के एलान के साथ ही नागेंद्र भावुक हो गए और रोने लगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नागेंद्र ने कहा, ‘मैं संविधान में विश्वास करता हूं। हमने कई बार BJP से कहा कि वे विधानसभा में आकर मुझ पर लगे आरोपों पर चर्चा करें, लेकिन वे नहीं आए। सबूत कहां है?’ उन्होंने आरोप लगाया कि BJP मनुस्मृति लागू करना चाहती है और उसकी आदिवासी-विरोधी सोच है; साथ ही कहा कि उन पर इसलिए हमला किया जा रहा है क्योंकि मैं दलित हूं। इसके बाद उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी मर्जी से इस्तीफा दे रहा हूं।’

नागेंद्र पर क्या है आरोप?
बता दें भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में 89 करोड़ रुपये की कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था।

यह मामला तब सामने आया जब मई 2024 में निगम के अकाउंट्स ऑफिसर चंद्रशेखरन पी।ने आत्महत्या कर ली और एक नोट छोड़ा जिसमें बिना मंजूरी के फंड ट्रांसफर करने का आरोप लगाया गया था। जांच में पता चला कि निगम के बैंक खातों से बड़ी रकम कई अन्य खातों में ट्रांसफर की गई थी।

जब समाचार चैनेल ने नागेंद्र से पूछा कि क्या पार्टी आलाकमान ने उन्हें पद छोड़ने के लिए कहा था, तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, मैं अपने फैसले खुद लेता हूं।’ कर्नाटक में नागेंद्र प्रमुख ST नेता हैं जो पार्टी द्वारा शिवकुमार को CM बनाने के फैसले लेने से पहले सिद्धरमैया की कैबिनेट में आदिवासी कल्याण मंत्री थे।

विवाद के बीच जून 2024 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। शिवकुमार के पद संभालने के बाद 3 अगस्त को उन्हें फिर से शामिल किया गया और योजना एवं सांख्यिकी विभाग का जिम्मा दिया गया।

कैसा रहा अब तक का सियासी सफर?
नागेंद्र ने 2008 में BJP के टिकट पर और फिर 2013 में कुदलिगी से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। इसके बाद 2018 में वे कांग्रेस में शामिल हो गए और बेल्लारी (ST-रिजर्व्ड) सीट से लगातार दो बार जीते।

उन्होंने कहा कि वे BJP को उसके प्रस्तावित विरोध मार्च के लिए कोई मुद्दा नहीं देना चाहते थे। कर्नाटक BJP ने राज्य में कांग्रेस सरकार की कथित नाकामियों को उजागर करने के लिए 1 से 10 सितंबर तक रायचूर से बल्लारी तक 10 दिन की पदयात्रा की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि किसानों की परेशानी, बेरोजगारी और भर्ती में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के अलावा, नागेंद्र की पार्टी में वापसी भी उस 200 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में एक बड़ा मुद्दा बनने की उम्मीद थी। राज्य BJP प्रमुख बी.वाई।विजयेंद्र ने बताया था कि केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी इसका उद्घाटन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here