साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलेगी। 18 अक्टूबर से ट्रेन का विस्तार होगा और सांबा, बड़ी ब्राह्मणा व शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर नए ठहराव मिलेंगे।
Sabarmati Katra Express: पश्चिम रेलवे ने साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 19223/19224) को अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक बढ़ाने का फैसला किया है। इस विस्तार के बाद गुजरात से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। ट्रेन के मार्ग में सांबा, बड़ी ब्राह्मणा और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर भी ठहराव मिलेगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, ट्रेन नंबर 19223 साबरमती-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 18 अक्टूबर 2026 से साबरमती से रोजाना सुबह 10:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:55 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी।

इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 19224 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-साबरमती एक्सप्रेस 20 अक्टूबर 2026 से रोजाना सुबह 4:50 बजे कटरा से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:05 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह ट्रेन भी रोजाना संचालित होगी।
मीरा-भायंदर से वसई-विरार मेट्रो-13 को हरी झंडी, 17724 करोड़ की लागत, 2031 तक बनकर होगी तैयार
इन स्टेशनों पर बढ़ेंगे ठहराव
ट्रेन के विस्तार के साथ यात्रियों को कुछ नए स्टॉपेज भी मिलेंगे। दोनों दिशाओं में सांबा और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। वहीं ट्रेन नंबर 19223 को बड़ी ब्राह्मणा स्टेशन पर भी अतिरिक्त ठहराव मिलेगा। इस फैसले से जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों, खासकर वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इन ट्रेनों के समय में भी होगा बदलाव
साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस को कटरा तक बढ़ाए जाने के कारण जम्मू तवी स्टेशन पर कुछ अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन नंबर 19415 साबरमती-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 25 अक्टूबर 2026 से जम्मू तवी पर सुबह 4:05 बजे पहुंचेगी और 4:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 6:25 बजे कटरा पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन नंबर 12919 डॉ. आंबेडकर नगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस 18 अक्टूबर 2026 से जम्मू तवी पर दोपहर 2:15 बजे पहुंचेगी और 2:20 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन नंबर 12471 बांद्रा टर्मिनस-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस के समय में 18 अक्टूबर से बदलाव होगा। यह ट्रेन जम्मू तवी पर दोपहर 2:32 बजे पहुंचेगी और 2:37 बजे रवाना होगी।
ट्रेन नंबर 12473 गांधीधाम-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस के समय में 24 अक्टूबर से बदलाव होगा। यह ट्रेन जम्मू तवी पर दोपहर 2:32 बजे पहुंचेगी और 2:37 बजे रवाना होगी।
इसके अलावा, ट्रेन नंबर 12475 हापा-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से जम्मू तवी पर दोपहर 2:32 बजे पहुंचेगी और 2:37 बजे रवाना होगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 12477 जामनगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस 21 अक्टूबर से जम्मू तवी पर दोपहर 2:32 बजे पहुंचेगी और 2:37 बजे रवाना होगी।
कब शुरू होगी बुकिंग?
पश्चिम रेलवे के मुताबिक, परिचालन कारणों से जिन ट्रेनों की 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाली यात्राओं के लिए बुकिंग अस्थायी रूप से बंद थी, उनकी बुकिंग 21 अगस्त 2026 से फिर शुरू होगी। इनमें ट्रेन नंबर 19223, 12919, 12471, 12473, 12475 और 12477 शामिल हैं। इसके बाद यात्रियों को रेलवे के 60 दिन के अग्रिम आरक्षण अवधि (ARP) के अनुसार टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी

