महाराष्ट्र की सियासी गलियों में पिछले कुछ दिन से ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) महायुति में शामिल हो सकती है. वहीं पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने अपनी पार्टी के महायुति से गठबंधन की अफवाहों को खारिज कर दिया.
जब पत्रकारों ने एनसीपी शरद पवार गुट के महायुति की ओर बढ़ने की अटकलों पर सवाल उठाए तो उन्होंने विशेष रूप से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और एनसीपी (एसपी) नेता जयंत पाटिल के बीच हुई कथित बातचीत का जिक्र किया.
सुले ने इस मुलाकात की राजनीतिक गंभीरता को कम आंकते हुए मजाकिया अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ऐसी कोई मुलाकात हुई थी या नहीं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वे और जयंत पाटिल एक ही समिति में काम करते हैं, इसलिए अक्सर मिलते रहते हैं.
सियासी सौदेबाजी नहीं, प्रशासनिक काम से मुलाकात’
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में ही उनकी और उनके सहयोगियों की 21 बार मुलाकात हुई है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के कई नेता इस समूह का हिस्सा हैं और वे नियमित रूप से ऐसे कई नेताओं के साथ बैठक करते हैं. उन्होंने इस मुलाकात को राजनीतिक सौदेबाजी के बजाय एक सामान्य प्रशासनिक कार्य बताया.

‘भगवान जाने सरकार क्या करेगी’
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी जल्द ही सत्ता में नजर आएगी, तो सुले ने कहा कि उनकी प्राथमिक भूमिका आम जनता की सेवा करना है. उन्होंने कहा कि लोग पिछले 12 वर्षों से उनके बारे में अटकलें लगा रहे हैं. अगर मौजूदा सरकार ऐसे ही चलती रही, तो एनसीपी और उनके सहयोगियों के पास सत्ता हथियाने के लिए कड़ी लड़ाई लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा. उन्होंने आगे कहा कि भगवान ही जाने मौजूदा सरकार आगे क्या करेगी.


