गुजरात में लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ रही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पांच सीटों पर हो रहे उप चुनाव में अलग-अलग लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने गुजरात में आप को दो संसदीय सीटें भरूच व भावनगर दी हैं, लेकिन सात मई को लोकसभा चुनाव के साथ गुजरात की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होगा।
इनमें वीजापुर, खंभात, माणावदर व पोरबंदर के कांग्रेस विधायक जबकि वडोदरा की वाघोडिया सीट से निर्दलीय उम्मीदवार ने इस्तीफा दे दिया था। सौराष्ट्र की विसावदर सीट से आप विधायक भूपत भायाणी के भी इस्तीफा देने के कारण सीट खाली हो गई थी।
आप से नहीं होगा गठबंधन
हालांकि, यह मामला हाई कोर्ट में लंबित होने के कारण इसका उपचुनाव घोषित नहीं किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि उप चुनाव में आप से कोई गठबंधन नहीं होगा। पांचों सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी।