Sunday, February 1, 2026
Home Blog Page 22

NATIONAL : औरंगाबाद में मासूम की हत्या कर शव को छुपाया, 12 घंटे बाद आरोपी का कबूलनामा, जानिए क्या कहा

0

औरंगाबाद में एक सनकी युवक ने 11 साल के मासूम बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे में भरकर मदार नदी की झाड़ी में छुपा दिया. घटना सलैया थाना क्षेत्र के राजा गरडी गांव की है. मृतक की पहचान गांव निवासी मंटू दास के पुत्र सूरज कुमार के रूप में की गई है.

सोमवार (19 जनवरी, 2026) को स्कूल से आने के बाद सूरज घर के बाहर खेल रहा था. इसके बाद वह लापता हो गया. शाम होने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू हुई. पता चला कि सूरज को आखिरी बार गांव के ही रहने वाले उसके चचेरे भाई सोनू के साथ बगीचे की ओर जाते देखा गया था. परिजनों ने सोनू से पूछताछ की तो उसने कुछ नहीं बताया. इसके बाद सलैया थाने को सूचना दी गई.

पुलिस ने सोनू को हिरासत में लिया और थाना लेकर आई. प्रारंभिक पूछताछ में वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा. सख्ती बरतने पर करीब 12 घंटे बाद मंगलवार (20 जनवरी, 2026) की अल सुबह 4:30 बजे उसने हत्या की बात कबूल कर ली. आरोपी ने बताया कि पूर्व में जमीन विवाद को लेकर मृतक के परिजनों के साथ उसके परिवार की मारपीट हुई थी. इसी रंजिश को लेकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया है.

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गांव से करीब 500 मीटर दूर मदार नदी की झाड़ी से एक बोरे में बंद सूरज का शव बरामद किया. बच्चे की गला रेतकर हत्या की गई थी. मंगलवार की सुबह पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि इस घटना में सोनू के अलावा और कौन लोग संलिप्त हैं, इसका पता लगाया जा रहा है. साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि पूर्व में मृतक सूरज के परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर उसके परिजनों के साथ मारपीट की थी. इसी रंजिश को लेकर उसने इस घटना को अंजाम दिया है. सोमवार को वह सूरज को पहले बहला-फुसलाकर बगीचे की ओर ले गया. इसके बाद गला रेतकर मार डाला.

ENTERTAINMENT : अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले की गाड़ी का हुआ एक्सीडेंट, ऑटो रिक्शा ड्राइवर की हालत गंभीर, भाई ने मांगा मुआवजा

सोमवार की शाम को मुंबई में अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट कार को पीछे से एक ऑटो ने टक्कर मार दी. इस घटना में कार पलट गई और ऑटो ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए.

सोमवार शाम मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट कार एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई, जिससे कम से कम दो लोग घायल हो गए. यह भयानक एक्सीडेंट अभिनेता के जुहू स्थित आवास के पास हुआ. हालांकि, दुर्घटना के समय अक्षय कुमार कार में मौजूद नहीं थे.वहीं अब ऑटो ड्राइवर के भाई ने मुआवजे की मांग की है.बताया जा रहा है कि यह घटना तब घटी जब अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना सहित एयरपोर्ट से अपने जुहू स्थित घर की और लौट रहे थे. इसी दौरान ए कार ने ऑटो-रिक्शा ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा पलट गया और अक्षय कुमार के साथ चल रहे वाहन से टकरा गया. टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि एक्टर का सुरक्षा वाहन सड़क पर दाईं ओर पलट गया.

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया. वायरल हो रहे वीडियो में अक्षय की एस्कॉर्ट गाड़ी दो टायर पर पलटी हुई दिख रही है, जबकि ऑटो-रिक्शा के आगे के हिस्से के बुरी तरह परखच्चे उड़े हुए नजर आ रहे हैं. गनीमत ये है कि, किसी को गंभीर चोट नहीं आई है.

दुर्घटना में घायल हुए ऑटो-रिक्शा चालक के भाई मोहम्मद समीर ने बताया, “यह घटना रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच हुई, मेरा भाई रिक्शा चला रहा था, तभी अक्षय कुमार की इनोवा और एक मर्सिडीज उसके पीछे आ रही थीं. मर्सिडीज ने इनोवा को टक्कर मारी, जिसके चलते इनोवा रिक्शा से जा टकराई. नतीजतन, मेरा भाई और एक अन्य यात्री रिक्शा के नीचे दब गए. पूरा रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और मेरे भाई की हालत बेहद गंभीर है. हमारी बस यही गुजारिश है कि मेरे भाई का उचित इलाज हो और रिक्शा को हुए नुकसान की भरपाई की जाए. हमें और कुछ नहीं चाहिए.”

NATIONAL : होटल में रखने से नाराज हुए शिवसेना शिंदे गुट के पार्षद, पार्टी ने जीत का प्रमाण पत्र अपने कब्जे में लिया

0

मुंबई में शिंदे गुट की शिवसेना के नवनिर्वाचित पार्षद 7-स्टार होटल में रखे जाने से नाराज हो गए हैं. पार्टी द्वारा उनके मूल दस्तावेज अपने पास रखने के फैसले के बाद पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हो रहे हैं.मुंबई महानगरपालिका में सत्ता गठन को लेकर चल रही सियासी उठापटक के बीच शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नवनिर्वाचित पार्षदों ने बांद्रा स्थित सात सितारा होटल छोड़ना शुरू कर दिया है. पार्टी ने अपने 29 नवनिर्वाचित पार्षदों के सभी मूल दस्तावेज अपने पास रखने का फैसला किया है, जिसके बाद पार्षद अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रवाना हो रहे हैं.

पार्टी द्वारा जिन दस्तावेजों को अपने पास रखा गया है, उनमें मतगणना के बाद 16 जनवरी को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जारी जीत का प्रमाण पत्र और सभी पार्षदों के आधार कार्ड शामिल हैं. सूत्रों के मुताबिक, 17 जनवरी से होटल में ठहराए गए पार्षद इस व्यवस्था से असहज महसूस कर रहे थे. वे न तो अपनी जीत का जश्न अपने मतदाताओं के साथ मना पा रहे थे और न ही अपने क्षेत्रों में जा पा रहे थे.

दरअसल, पार्टी ने ‘गट’ यानी समूह गठन को प्राथमिकता देते हुए सभी पार्षदों को एक साथ होटल में रहने का निर्देश दिया था. नगर निगम कानून के तहत गट गठन से पहले पार्षद पार्टी बदल सकते हैं, लेकिन गट बनने के बाद दलबदल पर रोक लग जाती है. इसके बाद केवल एक-तिहाई पार्षदों के अलग होने की स्थिति में ही विभाजन संभव होता है. इसी वजह से शिंदे गुट गट गठन को जल्द से जल्द पूरा करना चाहता था.

हालांकि, अब पार्टी ने गट गठन की प्रक्रिया को फिलहाल टाल दिया है. शिवसेना के महासचिव और पूर्व सांसद राहुल शेवाले दिल्ली रवाना हो रहे हैं, जहां वे वरिष्ठ भाजपा नेताओं से गठबंधन और विभिन्न नगर निगमों में मेयर पद के उम्मीदवारों को लेकर बातचीत करेंगे.शिंदे गुट के पास बीएमसी में 29 पार्षद हैं, जबकि बाकी पार्षद भाजपा के हैं. दोनों दल मिलकर कुल 118 सीटों के साथ बहुमत का आंकड़ा पार कर चुके हैं, जबकि 227 सदस्यीय सदन में जादुई आंकड़ा 114 है. पार्टी का मानना है कि मूल दस्तावेज अपने पास रखने से पार्षदों के दलबदल की आशंका फिलहाल टल गई है, लेकिन इस कदम को लेकर अंदरखाने नाराज़गी भी सामने आ रही है.

ENTERTAINMENT : ‘मां ने बर्बाद की मेरी शादी, गलत तरीके से किया डांस’, बोले ब्रुकलिन, तोड़ा रिश्ता

पूर्व फुटबॉलर डेविड बेकहम के बड़े बेटे ब्रुकलिन बेकहम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये ऐलान कर दिया है कि वो उनके साथ अपने रिश्ते-नाते तोड़ रहे हैं. डेविड के बेटे ने उनपर आरोप लगाया कि वो झूठी छवि के लिए उनकी जिंदगी कंट्रोल करते हैं. उनकी पत्नी को बेइज्जत करते हैं. ब्रुकलिन ने दावा किया कि पेरेंट्स की वजह से वो कई सालों से एंग्जायटी में जी रहे थे.

पूर्व दिग्गज फुटबॉलर डेविड बेकहम और फैशन आइकॉन विक्टोरिया बेकहम के परिवार की अनबन अब पब्लिकली सामने चुकी है. कपल के बड़े बेटे और पूर्व मॉडल ब्रुकलिन बेकहम ने अपने पेरेंट्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ब्रुकलिन ने दावा किया कि उनके माता-पिता ने उनकी जिंदगी के अहम फैसलों को कंट्रोल करने की कोशिश की, जिससे उनके पत्नी निकोला पेल्ट्ज संग रिश्ते पर बुरा असर पड़ा. उन्होंने ये भी कहा कि उनके पेरेंट्स उनकी पत्नी का अपमान करते है. इसके अलावा भी उन्होंने पारिवारिक कलेश को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं.

ब्रुकलिन बेकहम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लंबा पोस्ट शेयर कर अपने माता-पिता पर कई बडे़ आरोप लगाए हैं. उन्होंने पेरेंट्स से रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया है. ब्रुकलिन ने पोस्ट में बताया कि उनके परिवार के आपसी रिश्तों के कारण उन्हें काफी परेशानियां झेलनी पड़ी हैं. उन्होंने कहा कि पारिवारिक कलेश की वजह से लंबे समय से वो एंग्जायटी और मानसिक तनाव में जी रहे हैं. मगर अब वो सिर्फ शांति, सुकून और अपनी प्राइवेसी चाहते हैं.

ब्रुकलिन ने अपने छह पेज के बयान में साफ़ तौर पर कहा है कि उनके माता-पिता ने उनके जीवन को नियंत्रित करने की कोशिश की और उनकी शादी को नुकसान पहुंचाया है. ब्रुकलिन ने कहा- दुर्भाग्य से, मेरे माता-पिता और उनकी टीम लगातार मीडिया में बातें कर रही है. अब मेरे पास खुद के लिए आवाज उठाने अलावा कोई रास्ता नहीं बचा. मैं उन सभी झूठों के बारे में सच बताना चाहता हूं, जो मेरे बारे में छापे गए हैं. मैं अब अपने परिवार के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहता. मुझ पर किसी का कोई कंट्रोल नहीं है. मैं अपनी जिंदगी में पहली बार खुद के लिए स्टैंड ले रहा हूं.

‘हाल ही में मैंने खुद अपनी आंखों से देखा है कि मेरे माता-पिता अपनी झूठी शान और दिखावे को बचाने के लिए मीडिया में अनगिनत झूठ फैलाने की किस हद तक जा सकते हैं. वो अक्सर मासूम लोगों की बलि चढ़ाकर ऐसा करते हैं. लेकिन मेरा मानना है कि सच हमेशा सामने आता है.’ब्रुकलिन ने आरोप लगाया कि उनके माता-पिता ने उनकी शादी को खराब करने की कोशिश की. उन्होंने दावा किया कि उनकी मां विक्टोरिया बेकहम, जो एक फैशन डिजाइनर हैं, उन्होंने आखिरी वक्त पर उनकी पत्नी निकोला की शादी की ड्रेस बनाने से इनकार कर दिया था, जबकि निकोला उनकी बनाई ड्रेस पहनने के लिए बहुत उत्साहित थीं. इस वजह से निकोला को आनन-फानन में दूसरा ऑप्शन ढूंढना पड़ा था. ये उनके लिए काफी दुखद था.

ब्रुकलिन ने पोस्ट में अपनी शादी के दिन की एक दुखद घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि सिंगर मार्क एंथनी ने उन्हें स्टेज पर बुलाया था, ताकि वो पत्नी निकोला के साथ अपना ‘पहला डांस’ कर सकें. लेकिन जब वो वहां पहुंचे, तो निकोला की जगह उनकी मां ने उनके साथ अनुचित तरीके से डांस किया. मां की इस हरकत से उन्हें काफी शर्मिंदगी और अपमानित महसूस हुआ था.

ब्रुकलिन ने ये भी खुलासा किया कि बडे़ होने के दौरान वो “सीवियर एंग्जायटी” से जूझ रहे थे. उन्होंने लिखा कि जब से उन्होंने अपने माता-पिता से दूरी बनाई है, तब से उनकी यह एंग्जायटी पूरी तरह खत्म हो गई है. उन्होंने आगे कहा कि अब वो और निकोला शांति और प्राइवेसी के साथ सुकून से जिंदगी जीना चाहते हैं.

ENTERTAINMENT : सुनील शेट्टी ने ‘बॉर्डर’ से वसूले थे लाखों रुपये, बेटे अहान ने तोड़ा एक्टर का रिकॉर्ड, ‘बॉर्डर 2’ से कमाए इतने करोड़

‘बॉर्डर’ में जहां सुनील शेट्टी ने अहम रोल प्ले किया था तो वहीं इसके सीक्वल में उनके बेटे अहान शेट्टी नजर आएंगे. चलिए जानते हैं इन दोंनों ने इन फिल्मों से कितनी फीस वसूली?

‘बॉर्डर 2’ साल की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है. साल 1997 में आई ‘बॉर्डर’ के इस सीक्वल में इस बार सनी देओल के साथ नई स्टार कास्ट नजर आएगी. दिलचस्प बात ये है कि ‘बॉर्डर’ में सुनील शेट्टी ने भैरव सिंह के किरदार में लोगों का दिल जीत लिया था. वहीं अब ‘बॉर्डर 2’ में सुनील शेट्टी नहीं बल्कि उनके बेटे अहान शेट्टी अहम रोल में नजर आएंगे. अहान जहां फिल्म में अपने पिता सुनील शेट्टी की कमी को पूरा करने की कोशिश करेंगे. तो वहीं जानकर हैरानी होगी कि उन्होंने फीस के मामले में पहले ही सुनील शेट्टी को पीछे छोड़ दिया है. चलिए यहां बॉर्डर और बॉर्डर 2 के लिए सुनील शेटटी और अहान शेट्टी की फीस का अंतर जानते हैं.

जेपी दत्ता निर्देशित ‘बॉर्डर’ में सुनील शेट्टी का किरदार आज भी लोगों के जेहन में बसा हुआ है. फिल्म में भैरव सिंह के किरदार में नजर आए सुनील शेट्टी की परफॉर्मेंस की काफी तारीफ हुई थी. वहीं फीस की बात करें तो एक्टर ने ‘बॉर्डर’ से लाखों में फीस वसूली थी.

‘बॉर्डर 2’ में अहान शेट्टी लेफ्टिनेंट कैडर जोसेफ पियूस एल्फर्ड नोरोने के किरदार में दिखेंगे. वहीं अहान शेट्टी की ‘बॉर्डर 2’ से फीस की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने इस फिल्म से 3 से 4 करोड़ रुपये बतौर फीस वसूले हैं. ऐसे में उन्होंने फीस के मामले में अपने पिता सुनील शेट्टी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

बता दें कि ‘बॉर्डर 2’ गणतंत्र दिवस वीक के मौके पर यानी 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है. फिल्म में अहान शेट्टी के अलावा सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन, मोना सिंह, सोनम बाजवा समेत कई कलाकारों ने अहम रोल प्ले किया है. इस फिल्म का हाल ही में ट्रेलर रिलीज हुआ था जिसे काफी पसंद किया गया है. वहीं फिल्म के गाने पहले ही लोगों के दिलों में उतर गए हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच सकती है.

NATIONAL : ‘पैसा दो और प्रैक्टिकल के नंबर बढ़वाओ…’, बगहा में छात्रों से अवैध उगाही करते टीचर ……….

0

बगहा से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है, जिसने मैट्रिक और इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा में अवैध उगाही के आरोपों को हवा दे दी है. वायरल वीडियो में एक सरकारी विद्यालय के प्रधान शिक्षक पर छात्रों से नंबर बढ़ाने के बदले पैसे लेने का आरोप है. मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और जांच के आदेश दिए गए हैं.

बिहार में बगहा में शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. बगहा से सामने आए एक वायरल वीडियो ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं. आरोप है कि मैट्रिक और इंटर परीक्षा के प्रैक्टिकल में अधिक अंक दिलाने के नाम पर छात्रों से अवैध उगाही की जा रही है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो बगहा-एक प्रखंड के रायबारी महुअवा पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय रायबारी महुअवा से जुड़ा बताया जा रहा है. वीडियो में विद्यालय के प्रधान शिक्षक अमित कुमार पर छात्रों से प्रैक्टिकल परीक्षा में नंबर बढ़ाने के एवज में रुपये लेने का आरोप लगाया गया है. वीडियो में कथित तौर पर छात्रों से खुलेआम नजराना लिए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिसे शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र के लिए बेहद शर्मनाक माना जा रहा है.

वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है और पूरी शिक्षा व्यवस्था की साख को गहरी चोट पहुंचाता है.

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बगहा-एक प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी पूरण कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, स्थानीय समाजसेवियों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है. उनका कहना है कि छात्रों से किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. यह मामला न सिर्फ बगहा बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के लिए एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है, जहां शिक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया.

NATIONAL : भोजशाला पर सुप्रीम कोर्ट में कल बड़ी सुनवाई… बसंत पंचमी और जुमे की नमाज का टकराव, हिंदू पक्ष ने मांगी पूरे दिन पूजा की इजाजत

0

धार की भोजशाला में बसंत पंचमी के दिन जुमे की नमाज पर रोक लगाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होगी. हिंदू पक्ष ने मांग की है कि शुक्रवार होने के बावजूद उस दिन केवल सरस्वती पूजा की अनुमति दी जाए.

मध्य प्रदेश में राजा भोज की प्रसिद्ध राजधानी रही धार स्थित भोजशाला विवाद पर हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने बसंत पंचमी पूजा को लेकर सुप्रीम कोर्ट से जल्द सुनवाई की गुहार लगाई. सुप्रीम कोर्ट वसंत पंचमी से एक दिन पहले गुरुवार को करेगा सुनवाई.23 जनवरी को वसंत पंचमी और शुक्रवार दोनों ही है. लिहाजा याचिका में उस दिन मुस्लिमों की नमाज़ ए जुमा पर रोक लगाने की मांग की गई है. बसंत पंचमी पर सिर्फ हिंदुओं को दिन भर सरस्वती पूजा करने देने की इजाजत मांगी गई है. साथ ही इस दिन ASI और सरकार को कड़ी सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश देने का भी आग्रह कोर्ट से किया गया है.

यह अर्जी हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से वकील विष्णु शंकर जैन ने दाखिल की है. अर्जी में कहा गया है कि भोजशाला परिसर में मां वागदेवी यानी सरस्वती का मंदिर है जो 11 वीं सदी में परमार राजा ने बनवाया था. यहां पर हिंदू पूजा करते थे, लेकिन 7 अप्रैल 2003 में ASI ने एक आदेश जारी किया था. इसके तहत हिंदुओं को हर मंगलवार और बसंत पंचमी को पूजा की इजाजत दी गई है.जबकि हर शुक्रवार को दोपहर 1-3 नमाज़ अदा करने की इजाजत दी गई थी.

अर्जी में कहा गया है कि ASI का आदेश ऐसे हालात पर मौन है कि अगर बसंत पंचमी शुक्रवार को हो तो क्या होगा? ध्यान रहे कि इस बार 23 जनवरी को बसंत पंचमी शुक्रवार के दिन ही है.

BUSINESS : पुराने सोने के बदले 30 मिनट में हाथोंहाथ मिलेगा कैश, देश के इस शहर में लगा पहला गोल्ड ATM

0

Gold ATM: अगर पुराना सोना बेचकर तुरंत अकाउंट में पैसे चाहते हैं, तो यह ATM आपके लिए काम का साबित हो सकता है. फिनटेक कंपनी गोल्डसिक्का (Goldsikka) ने इस मशीन को लॉन्च किया है.

अपने पास रखा सोना बेचने के लिए अकसर हमें ज्वेलर्स के चक्कर काटने पड़ते हैं. हालांकि, अब आने वाले दिनों में ऐसा नहीं होगा. फिनटेक कंपनी गोल्डसिक्का (Goldsikka) ने देश में पहली बार AI-पावर्ड गोल्ड ATM मशीनें लॉन्च की है. इसे हैदराबाद में इंस्टॉल किया गया है. इसके जरिए अब लोग पुराना सोना बेच सकते हैं और इसका पैसा मिनटों में आपके बैंक अकाउंट में क्रेडिट हो जाएगा. यानी कि अब ग्राहकों को सोने की दुकान पर जाकर इसकी शुद्धता की जांच और मोलभाव के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

सोने के पुराने गहने-सिक्के वगैरह बेचने के लिए हमें दुकानों पर जाना पड़ता है. वहां ज्वेलर्स से प्योरिटी चेक, वैल्यूएशन और कीमत पर बात करने में घंटों इंतजार करना पड़ता था और तब जाकर कैश मिलता है. यह प्रॉसेस थोड़ा लंबा है. लेकिन अब इस एआई-इनेबल्ड (AI-enabled) गोल्ड मेल्टिंग मशीन के जरिए यह काम मिनटों में हो जाएगा. यह नया सिस्टम पूरी तरह से ऑटोमेटिकली काम करता है. आइए जानते हैं इसका स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस?

सबसे पहले मशीन में सोना रखते ही यह तुरंत उसे पिघलाने का काम शुरू कर देती है.
AI टेक्नोलॉजी की मदद से यह आसानी से पता लगा लिया जाता है कि सोना कितना शुद्ध है और इसका वजन कितना है.
इसके बाद सिस्टम लाइव मार्केट रेट के आधार पर कीमत को फटाफट कैलकुलेट कर लेता है.
फाइनल रकम सीधे ग्राहक के बैंक अकाउंट में क्रेडिट कर दी जाती है.

पुराने सोने के बदले 30 मिनट में हाथोंहाथ मिलेगा कैश, देश के इस शहर में लगा पहला गोल्ड ATM

यानी कि इससे साफ है कि इससे कागजी लेनदेन या इंसान की मदद की जरूरत नहीं पड़ती है.

मशीन में आर्टिफिशियल रियलिटी (AR) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है. इसके जरिए कस्टमर्स वर्चुअल ज्वेलरी ट्राई-ऑन कर सकते हैं. यानी कि देख सकते हैं कि कौन सी ज्वेलरी उन पर कैसी लगेगी. इसके अलावा, मशीन से 0.5 ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के सिक्के सीधे खरीदे जा सकते हैं. इसे आप चौबीसों घंटे एक्सेस कर सकते हैं.

मशीन में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कोई इसका गलत इस्तेमाल न कर सके. इसके तहत, कस्टमर्स को ट्रांजैक्शन से पहले KYC वेरिफिकेशन पूरा करना होगा. इसके अलावा, सिस्टम क्रिमिनल रिकॉर्ड भी चेक करता है और अगर कोई गतिविधि संदिग्ध पाई गई, तो ट्रांजैक्शन तुरंत ब्लॉक हो जाएगा.

NATIONAL : भरी पंचायत में प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी पत्नी, पति ने करवा दी शादी, बच्चों ने लिया ये फैसला

0

प्रतापगढ़ में एक महिला ने पति के सामने ही पंचायत में प्रेमी से शादी कर ली. पति ने दोनों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा था, लेकिन पंचायत के दौरान दो बच्चों की मां प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही. आखिरकार पति की मौजूदगी में ही यह अनोखा विवाह संपन्न हुआ.

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. दरअसल, यहां दो बच्चों की मां ने पंचायत की मौजूदगी में अपने प्रेमी के साथ विवाह कर लिया, जबकि इस दौरान उसका पति भी मौके पर मौजूद रहा.आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के रमगढ़ा गांव निवासी आशीष तिवारी ने बीते शनिवार की रात अपनी पत्नी पिंकी को उसके प्रेमी अमित शर्मा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ लिया था. इस घटना के बाद आशीष ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी अमित शर्मा को थाने ले गई.

इसके बाद गांव में दिनभर पंचायत चलती रही. पंचायत के दौरान पत्नी पिंकी अपने प्रेमी अमित शर्मा के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही और पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया. काफी समझाने-बुझाने के बावजूद वह अपने फैसले पर कायम रही.

बताया गया कि आशीष तिवारी और पिंकी की शादी वर्ष 2016 में हुई थी. दोनों के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 7 वर्ष और छोटा बेटा 4 वर्ष का है. इन दोनों बच्चों ने अपनी मां के साथ जाने से इनकार कर दिया और पिता के साथ रहने की इच्छा जताई.पंचायत में सामाजिक सहमति बनने के बाद आशीष तिवारी ने अपनी पत्नी पिंकी की शादी उसके प्रेमी अमित शर्मा के साथ अमरगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में करवा दी. इस दौरान दोनों पक्षों के लोग भी मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि अमित शर्मा थाना दिलीपपुर क्षेत्र के मीसिद्धीपुर गांव का निवासी है.

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. गांव से लेकर आसपास के इलाकों में यह मामला लोगों के बीच चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है. फिलहाल, पिंकी अपने प्रेमी के साथ चली गई है.

SPORTS : दर्शकों ने गौतम गंभीर को देख लगाए ‘हाय-हाय’ के नारे तो विराट कोहली ने बोले अपशब्द? वायरल वीडियो घुमा देगा सिर

0

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया कि दर्शकों ने गौतम गंभीर को देखकर ‘हाय-हाय’ के नारे लगाए. इस दौरान कोहली का रिएक्शन भी दिलचस्प रहा.भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज का समापन हुआ. इस सीरीज में न्यूजीलैंड ने 2-1 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. पिछले साल कीवियों ने टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज में 3-0 से व्हाइट वॉश किया था. फैंस ने टेस्ट सीरीज के वक्त भी टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को जिम्मेदार ठहराया था. अब एक बार फिर मेन इन ब्लू का खराब प्रदर्शन देखकर प्रशंसक हेड कोच पर गुस्सा होते दिख रहे हैं.

दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि मैदान पर मौजूद गौतम गंभीर को देखकर स्टैंड्स में मौजूद दर्शकों ने ‘हाय-हाय’ के नारे लगाए. बात सिर्फ गंभीर के खिलाफ नारेबाजी तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें विराट कोहली का बड़ा ही दिलचस्प किरदार नजर आया.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नारेबाजी के बीच विराट कोहली क्राउड की तरफ मुंह करके कुछ बोलते हैं. देखने में ऐसा ही प्रतीत होता है कि जैसे कोहली ने कुछ अपशब्द कहे हों. हालांकि हम इस बात की पुष्टि नहीं करते हैं कि कोहली ने क्या बोला.बता दें कि यह पहला मौका था कि जब न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ भारतीय सरजमीं पर खेलते हुए वनडे सीरीज में जीत दर्ज की थी. सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत हासिल कर बढ़त बनाई थी, लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड ने बाकी दोनों मैचों में जीत हासिल करते हुए सीरीज पर अपना नाम लिखवा लिया.

सीरीज में विराट का बल्ला जमकर चला. वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदना पर रहे. कोहली ने 3 मैचों की 3 पारियों में बैटिंग करते हुए 80 की औसत से 240 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला.

- Advertisement -

News of the Day