Sunday, November 1, 2026
Home Blog Page 23

NATIONAL : राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन चुनाव में SC की एंट्री, रिजल्ट पर लगाई रोक

0

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन चुनाव 2026 के नतीजों पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है. मतदान जारी रहेगा, लेकिन मतपत्र सुरक्षित रखे जाएंगे और फिलहाल रिजल्ट घोषित नहीं होगा.

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन यानी RCA के चुनाव को लेकर मंगलवार (29 सितंबर 2026) को बड़ा अपडेट सामने आया है. सुप्रीम कोर्ट ने आज हो रहे चुनाव के नतीजे जारी करने पर रोक लगा दी है. हालांकि, कोर्ट ने मतदान की प्रक्रिया को जारी रखने की अनुमति दी है.

कोर्ट के आदेश के मुताबिक मतदान के बाद मतपत्रों को सुरक्षित रखा जाएगा और फिलहाल चुनाव का रिजल्ट घोषित नहीं किया जाएगा. नतीजे तब तक जारी नहीं होंगे, जब तक इस मामले में हाईकोर्ट की ओर से कोई आदेश नहीं आता.

मतदान पर रोक नहीं
RCA चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शुरू हुआ. चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 36 जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधि और दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं. अध्यक्ष पद के लिए धनंजय सिंह खींवसर और बृजकिशोर उपाध्याय के बीच मुकाबला है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी वोटिंग जारी रहेगी. हालांकि, मतदान पूरा होने के बाद मतपत्रों की गिनती या नतीजे की घोषणा फिलहाल नहीं की जाएगी.

पूर्व एडहॉक कमेटी कन्वीनर की याचिका पर सुनवाई

यह मामला RCA की पूर्व एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डीडी कुमावत की ओर से दायर याचिका से जुड़ा बताया जा रहा है. सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद अब चुनाव की प्रक्रिया तो आगे बढ़ेगी, लेकिन परिणाम अदालत के अगले आदेश तक रोका रहेगा. सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर 29 सितंबर की सुनवाई से जुड़ी लिस्टिंग और 28 सितंबर को अपलोड किए गए मामलों की जानकारी उपलब्ध है. हालांकि, इस मामले के विस्तृत आदेश की पूरी प्रति उपलब्ध होने पर ही आदेश की सभी कानूनी बातों की पुष्टि की जा सकेगी.

ढाई साल बाद हो रहा है RCA चुनाव

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में करीब ढाई साल बाद चुनाव हो रहा है. इससे पहले एडहॉक कमेटी का कार्यकाल कई बार बढ़ाया गया था. चुनाव के लिए 29 सितंबर की तारीख तय की गई थी. इस बार अध्यक्ष पद का चुनाव खास तौर पर चर्चा में है. नाम वापसी के बाद मुकाबला धनंजय सिंह खींवसर और बृजकिशोर उपाध्याय के बीच रह गया है.

NATIONAL : सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम का बड़ा फैसला, तीन हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस को SC जज बनाने की सिफारिश

0

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तीन हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाए जाने की सिफारिश की है। कॉलेजियम की 28 सितंबर, 2026 को हुई बैठक में इन नामों पर फैसला लिया गया।

कॉलेजियम ने इन नामों की सिफारिश
कॉलेजियम ने गुजरात हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस जस्टिस सुनीता अग्रवाल, दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाए जाने की सिफारिश की है।

कॉलेजियम ने जारी किया बयान
कॉलेजियम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 सितंबर, 2026 को हुई अपनी बैठक में हाई कोर्ट के निम्नलिखित चीफ जस्टिस को सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में पदोन्नत किए जाने की सिफारिश की है।

केंद्र सरकार के पास जाएगी सिफारिश
कॉलेजियम की यह सिफारिश केंद्र सरकार के पास जाएगी। केंद्र की मंजूरी के बाद ये तीनों न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट में पदभार ग्रहण करेंगे। सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस समेत कुल 38 जज का पद सेंक्शन है जिसमें 34 पद पर जस्टिस कार्यरत हैं चार पद खाली है। मौजूदा कॉलेजियम बैठक में तीन पद के लिए सिफारिश की गई है।

BUSINESS : ईरान की मुद्रा अबतक के सबसे निचले स्तर 25 लाख रियाल प्रति डॉलर पर

0

ईरान की मुद्रा रियाल मंगलवार को रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। तेहरान में कारोबारियों ने एक अमेरिकी डॉलर के बदले 25 लाख रियाल से अधिक की दर पर कारोबार किया।

तेहरानः ईरान की मुद्रा रियाल मंगलवार को रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। तेहरान में कारोबारियों ने एक अमेरिकी डॉलर के बदले 25 लाख रियाल से अधिक की दर पर कारोबार किया। यह गिरावट दो सितंबर को दर्ज पिछले रिकॉर्ड 22 लाख रियाल प्रति डॉलर के स्तर के केवल 27 दिन बाद हुई है। फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से ईरानी मुद्रा की विनिमय दर में लगतार गिरावट आ रही है।

WORLD : UAE का भारत में बड़ा निवेश प्लान, 25 अरब डॉलर लगाने का जताया इरादा

0

संयुक्त अरब अमीरात (यू.ए.ई.) भारत में आने वाले समय में 25 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करने की तैयारी में है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि यू.ए.ई. का लक्ष्य आने वाले वर्षों में भारत में अपने कुल निवेश को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।

नई दिल्लीः संयुक्त अरब अमीरात (यू.ए.ई.) भारत में आने वाले समय में 25 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करने की तैयारी में है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि यू.ए.ई. का लक्ष्य आने वाले वर्षों में भारत में अपने कुल निवेश को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।गोयल ने भारत-यू.ए.ई. उच्च-स्तरीय कार्य बल की 14वीं बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यू.ए.ई. भारत के बंदरगाह, जहाज निर्माण, लॉजिस्टिक्स, अंतरिक्ष, स्टार्टअप और शेयर बाजार जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर तलाश रहा है।

पीयूष गोयल ने बताया कि इस अतिरिक्त निवेश का कुछ हिस्सा पहले ही भारत आना शुरू भी हो चुका है। गोयल ने आर.बी.एल. बैंक में करीब 3 अरब डॉलर और सम्मान कैपिटल में करीब 1 अरब डॉलर के निवेश का उदाहरण दिया।

शिपिंग सेक्टर में छह क्षेत्रों पर सहयोग
भारत और यू.ए.ई. ने शिपिंग क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए छह प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की है। इसके लिए दोनों देशों के बीच एक संयुक्त कार्य समूह बनाए जाने की योजना है। इन क्षेत्रों में जहाजों का स्वामित्व, आधुनिक बंदरगाहों का विकास, जहाज निर्माण, जहाजों की मरम्मत एवं रखरखाव, जहाजों को तोड़ना और कंटेनर निर्माण शामिल हैं।

रुपए-दिरहम में बढ़ रहा व्यापार
गोयल ने कहा, ‘हम यह व्यापार केवल रुपए और दिरहम में कर सकते हैं। जब भारत से सामान यू.ए.ई. पहुंचेगा, तो हम रुपए में बोली लगा सकते हैं। जब यू.ए.ई. से सामान भारत पहुंचेगा, तो हम दिरहम में बोली लगा सकते हैं। हम 3 से 6 महीने में रुपए और दिरहम के बीच व्यापार कर सकते हैं। हम एक देश की मुद्रा को दूसरे देश की मुद्रा में डॉलर के जरिये बदल सकते हैं। समय-समय पर इसे अंतरराष्ट्रीय डॉलर वाली मुद्रा में बदला जा सकता है।’

ऊर्जा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने की तैयारी
गोयल ने यह भी कहा कि भारत और यू.ए.ई. ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में ज्यादा सहयोग की संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं। इसमें रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व, एल.पी.जी. और एल.एन.जी. की आपूर्ति तथा समुद्र के नीचे बिछाई जाने वाली पाइपलाइनें शामिल हैं।

WORLD : पाकिस्तान में अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन, फिर निकाह! कोर्ट के बाहर रो-रोकर बोलीं 2 हिंदू नाबालिग बहनें-हमें घर भेज दो

0

पाकिस्तान में 2 नाबालिग हिंदू बहनों के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन और शादी कराने के बाद दोनों बहनें पाक कोर्ट के बाहर ‘हमें घर भेज दो’ की गुहार लगा रही हैं।

पाकिस्तान के सिंध में दो हिंदू बहनों का अपहरण कर लिया गया था और जबरदस्ती उनका धर्म परिवर्तन कराकर मुस्लिम पुरुषों से उनकी शादी करा दी गई थी। जब अदालत ने उन्हें एक सेफ हाउस भेजा, तो उन्होंने घर लौटने की गुहार लगाई। यह मामला पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हो रहे लगातार अत्याचारों और सिंध के टंडो अल्लाहयार जिले में हिंदू लड़कियों की जबरदस्ती शादी कराए जाने की घटनाओं को उजागर करता है।

पत्रकारों और अल्पसंख्यक अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं के अनुसार, पाकिस्तान के सिंध प्रांत में दो हिंदू बहनों (जिनकी उम्र 13 और 14 साल बताई जा रही है) को अदालत ने उनके माता-पिता के साथ घर भेजने से मना कर दिया, जिसके बाद वे अदालत के बाहर फूट-फूटकर रोने लगीं।

‘सीता और रूपी का अपहरण किया गया’
अमेरिका स्थित सिंधी अधिकारों के लिए काम करने वाले समूह ‘सिंध रेनेसां’ की रिपोर्ट के अनुसार, परिवार का आरोप है कि कच्छी कोली समुदाय की सीता और रूपी का अपहरण किया गया, उनका धर्म परिवर्तन कराकर इस्लाम कबूल करवाया गया और फिर अमजद सोलंगी और मंसूर सोलंगी से उनकी शादी करा दी गई। पाकिस्तानी पत्रकार और एक्टिविस्ट वींगस द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो से पता चला है कि सिंध के टंडो अल्लाहयार जिले की अदालत ने बहनों को एक सेफ हाउस (सुरक्षित स्थान) में भेजने का आदेश दिया, जबकि वे रोते हुए और गिड़गिड़ाते हुए कह रही थीं, ‘हम घर जाना चाहती हैं।’

‘एक और हिंदू लड़की, 14 साल की पांसी कोहली का अपहरण कर लिया गया’
एक दिन बाद, वींगस ने बताया कि 9 सितंबर को टंडो अल्लाहयार से ‘एक और हिंदू लड़की, 14 साल की पांसी कोहली’ का अपहरण कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार, सिंध जिले में ‘छह नाबालिग हिंदू लड़कियों’ का अपहरण किया गया और 10 दिनों के भीतर उनका धर्म परिवर्तन कराकर इस्लाम में शामिल कर लिया गया। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले व्यवहार के अलावा, इस मामले ने टंडो अल्लाहयार जिले की ओर भी ध्यान खींचा है, जहां पहले भी नाबालिग हिंदुओं के अपहरण और धर्म परिवर्तन की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पाकिस्तान की ज़्यादातर हिंदू आबादी सिंध में रहती है
पाकिस्तान की ज़्यादातर हिंदू आबादी सिंध में रहती है। यह इलाका हिंदू लड़कियों के अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और मुस्लिम पुरुषों से उनकी शादी से जुड़ी शिकायतों का मुख्य केंद्र बन गया है। कोल्ही, भील और मेघवार समुदायों के गरीब परिवार, जो हाशिए पर हैं, सबसे ज़्यादा खतरे में हैं। इसकी वजह है पुलिस, अदालतों, कानूनी मदद और सही राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक उनकी सीमित पहुंच और पाकिस्तान में उनके लगभग न के बराबर राजनीतिक अधिकार।

‘अगर यह इमरजेंसी नहीं है, तो इमरजेंसी कैसी होगी?’
एमनेस्टी इंटरनेशनल का कहना है कि पाकिस्तान में ‘सैकड़ों’ युवा हिंदू महिलाओं को अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और जबरन शादी का सामना करना पड़ा है। मानवाधिकार संगठन ने पाकिस्तानी हिंदुओं के साथ लगातार हो रहे भेदभाव के बारे में भी चेतावनी दी है, जिसमें उनके मंदिरों और कारोबारों पर हमले और ईशनिंदा के आरोपों का गलत इस्तेमाल शामिल है। ‘क्या यह सरकार समर्थित कोई ऐसा समूह है जो उन हिंदू सिंधी लोगों को निशाना बना रहा है जो अपनी मातृभूमि छोड़ने को तैयार नहीं हैं? क्योंकि अगर यह इमरजेंसी नहीं है, तो इमरजेंसी कैसी होगी? हमारी लड़कियों को बचाओ!!’ पाकिस्तानी सोशल एक्टिविस्ट सोरथ सिंधु ने X पर पोस्ट किया।

WORLD : PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बगावत! उठी आजादी की आवाज, क्या बदलने वाला है इतिहास?

0

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं. कई इलाकों में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों और आजादी की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सुरक्षा बलों ने विरोध को दबाने के लिए बल प्रयोग किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए. कई स्थानों पर झड़पों और गोलीबारी की भी खबरें सामने आई हैं. बढ़ते विरोध के बीच पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. इस घटनाक्रम ने PoK में राजनीतिक असंतोष और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

पाकिस्तानी हुकूमत POK के लोगों को मूलभूत सुविधाएं और उनके अधिकार तक नहीं दे रही है. इससे भड़के जब लोग जब पाकिस्तान से मक्ति की मांग कर रहे हैं, तो उन्हें दिन दहाड़े मौत बांटा जा रहा है. सवाल यही है कि POK में विद्रोह की जो आग भड़की है, उसका अंतिम परिणाम क्या होगा?

कहते हैं जब सैन्य बूटों की धमक बढ़ जाती है. प्रजातंत्र पर तानाशाही हावी होने लगती है तो फिर इंकलाब का जन्म होता है और अब PoK में वही हो रहा है. जनता सड़कों पर मुनीर के जुल्मों के खिलाफ खड़ी हो गई है. पाकिस्तान से आजादी का नारा बुलंद कर रही है.

JAAC के नेतृत्व में PoK में बड़ा प्रदर्शन हो रहा है, जिसे रोकने के लिए पाकिस्तानी फौज निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग कर रही है. इस प्रदर्शन में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, वहीं 200 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.

लोगों का आरोप है कि सेना ने बहुत सी लाशों को गायब कर दिया है. साथ ही पूरे PoK में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं, ताकि लोग अपना दर्द दुनिया को न बता सकें

JAAC के सदस्य सरदार उमर नजीर का कहना है कि पिछले 52-53 दिनों में हमारे 100 के करीब लोगों की शहादतें हो चुकी हैं और लगातार जो है जेनोसाइड की जा रही है.

पाक फौज का जुल्म, निहत्थे लोगों पर फायरिंग
मुनीर किस तरीके से PoK की अवाम का खून बहा रहे हैं. पाकिस्तानी सेना के जवान निहत्थों लोगों पर सीधी फायरिंग कर रही है. POK की अवाम जब अपने हक के लिए सड़कों पर उतरी, तो उन्हें हक के बदले सिर्फ और सिर्फ गोलियां मिलीं, लेकिन ये बर्बरता सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है. महिलाएं भी पाकिस्तानी सेना के जुल्मों का शिकार हो रही है. उन्हें पीटा भी जा रहा है.

पाकिस्तान की सत्ता बेचैन हो उठी है. हालात कंट्रोल से बाहर हैं. इतिहास खुद को दोहराने पर अड़ा है, वो इतिहास जिसने पाकिस्तान का नक्शा बदल दिया था. उसके दो टुकड़े कर दिए थे और उसके जिम्मेदार हैं पाकिस्तान के फेल्ड मार्शल आसिम मुनीर. POK में पाकिस्तानी सेना अवाम की आवाज दबाने में फेल साबित हो रही है, ऐसे में अब मुनीर ने PoK के दमन के लिए आतंक वाली चाल चल दी है.

दावा है कि मुनीर ने PoK में कई आतंकियों को भेजा है, जो प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल हो गए हैं. आतंकी हथियारों से लैस हैं और इसे आधार बनाकर आंदोलन को आतंकी साजिश करार देने की मुनीर की कोशिश है.

प्रदर्शनकारियों पर मुनीर का कहर
जब बांग्लादेश पाकिस्तान से अलग हो रहा था तो पाकिस्तानियों को पता ही नहीं था कि क्या हो रहा है, क्योंकि पाकिस्तानी मीडिया लोगों को दिखा ही नहीं रही थी लोगों को कि चल क्या रहा है. तब बांग्लादेश में नरसंहार चल रहा था. आज वही नरसंहार POJK में चल रहा है. ये अपने मूलभूत लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं. ये लोग बुनियादी शिक्षा, बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं और एक अच्छा सिस्टम मांग रहे हैं.

पाकिस्तान के फेल्ड मार्शल आसिम मुनीर समझ चुके हैं कि अब PoK की जनता गोलियों से नहीं डरने वाली है. ऐसे में अब आतंक का सहारा लेकर इस आंदोलन को बदनाम करने की कोशिशों में लगे हैं ताकि दुनिया के सामने ये झूठ फैला सकें कि ये आंदोलन आंतकियों की साजिश थी, लेकिन PoK की जनता को इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, उन्होंने तय कर लिया है कि पाकिस्तान से आर-पार की लड़ाई जारी रहेगी.

मुनीर कह रहे हैैं कि PoK में लोकतंत्र चल रहा है लेकिन सवाल ये है कि अगर लोकतंत्र चलाने के लिए हर मोड़ पर बंदूक खड़ी करनी पड़े तो उस लोकतंत्र की स्वीकार्यता पर सवाल तो बनता है, क्योंकि लोकतत्रं का असली पहरेदार वहां की जनता होती है. और जब जनता की मर्जी के खिलाफ तानाशाही शासन लाने की कोशिश हो तो वहां लोकतंत्र का वजूद नहीं रह जाता और कुछ ऐसा ही मुनीर PoK में कर रहे हैं.

यहां तक की वहां की रक्षा नीति और बजट से लेकर विकास कार्यों में पाकिस्तान का सीधा दखल है और यही दखल अब PoK की अवाम को बर्दाश्त नहीं है, वो अपनी रियासत अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं. कहते हैं कि किसी को इतना भी ना डराओं की उसका डर ही खत्म हो जाए और अब PoK में वही हो रहा है. वहां की जनता के मन से अब गोलियों का खौफ खत्म हो चुका है. PoK की आजादी का आंदोलन अब जनक्रांति का रूप ले चुका है. ऐसे में मुनीर को अपने साम्राज्य के दहन का खतरा सताने लगा है.

JAMMU KASHMIR : कठुआ CISF कैंप में गोलीबारी, सहायक कमांडेंट समेत 4 जवानों की मौत

0

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार को एक सीआईएसएफ जवान द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में बल के सहायक कमांडेंट समेत चार कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक कर्मी ने अपने साथियों पर कथित तौर पर गोली चला दी, जिसमें सहायक कमांडेंट समेत सीआईएसएफ के चार कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े सात बजे हिमाचल प्रदेश की सीमा के निकट बसोहली के मशका गांव स्थित सेवा-तृतीय जलविद्युत परियोजना में हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार ने कुछ सहकर्मियों के साथ बहस के बाद अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर गोलीबारी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सीआईएसएफ के चार कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में नजदीकी एनएचपीसी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सहायक कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह और कांस्टेबल रफीक अहमद तथा संदीप कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के बाद आरोपी को उसके सहकर्मियों ने काबू कर लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के तहत घटना में इस्तेमाल की गई सर्विस राइफल भी जब्त कर ली गई है। अधिकारियों ने कहा कि सीआईएसएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि बहस और उसके बाद गोलीबारी की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

NATIONAL : बाढ़-बारिश ने पनबिजली को दिया बड़ा झटका, नेपाल भारत से खरीदेगा 1,100 मेगावाट बिजली

0

काठमांडूः नेपाल आगामी शुष्क मौसम में घरेलू बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भारत से 1,100 मेगावाट तक बिजली आयात करने की योजना बना रहा है। नेपाल में हाल ही में आई अचानक बाढ़, भूस्खलन की घटना और भारी मानसूनी बारिश से पनबिजली परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है, जिससे देश की बिजली उत्पादन क्षमता अस्थायी रूप से कम हो गई है।

नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) दिसंबर से मई, 2027 तक शुष्क मौसम के लिए कार्ययोजना तैयार कर रहा है। इस दौरान देश की नदी प्रवाह आधारित पनबिजली परियोजनाओं से उत्पादन में काफी गिरावट आती है, जबकि खासकर सर्दियों के अंत और वसंत के महीनों में बिजली की मांग बढ़ जाती है।

एनईए के प्रवक्ता राजन ढकाल ने कहा, ”हालांकि, नवंबर के बाद हमें भारत से कुछ बिजली आयात करने की जरूरत होगी, लेकिन मांग का सबसे अधिक दबाव फरवरी से मई के बीच रहेगा।” ढकाल ने कहा कि नेपाल में वर्तमान में करीब 3,740 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता चालू है। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में मौसम से जुड़ी आपदाओं से देश के बिजली क्षेत्र को काफी नुकसान पहुंचा है।

भोटेकोशी क्षेत्र में 26 अगस्त को आई अचानक बाढ़ से कई पनबिजली संयंत्रों और इससे जुड़े बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा, जिससे करीब 450 मेगावाट उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई। इसके बाद 24 से 27 सितंबर के बीच हुई भारी मानसूनी बारिश से 190 मेगावाट क्षमता वाली कालीगंडकी पनबिजली परियोजना को नुकसान पहुंचा। ढकाल ने कहा कि भोटेकोशी बाढ़ और हालिया अत्यधिक बारिश से हुए नुकसान के कारण कुल करीब 640 मेगावाट उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई है। इसलिए एनईए आगामी सर्दी के मौसम में भारत से 1,100 मेगावाट तक बिजली आयात करने पर विचार कर रहा है।

RASHIFAL : आज का राशिफल

0

मेष

आज कामकाज में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आपकी मेहनत और आत्मविश्वास के कारण अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है। आर्थिक मामलों में कोई बड़ा निर्णय लेने से पहले अच्छी तरह विचार करें। परिवार के साथ बातचीत में धैर्य रखेंगे तो रिश्ते और बेहतर होंगे। स्वास्थ्य में सामान्य थकान महसूस हो सकती है, इसलिए पर्याप्त आराम करें।

वृषभ

आज का दिन आपके लिए स्थिर और व्यवस्थित रह सकता है। लंबे समय से रुका हुआ कोई काम आगे बढ़ सकता है। नौकरी करने वालों को सहकर्मियों का सहयोग मिल सकता है। व्यापार में नए संपर्क लाभदायक हो सकते हैं। खर्च बढ़ने की संभावना है, इसलिए बजट का ध्यान रखें। परिवार के सदस्यों के साथ अच्छा समय बितेगा।

मिथुन

आज आपकी बातचीत करने की क्षमता आपके लिए उपयोगी साबित हो सकती है। कार्यस्थल पर किसी महत्वपूर्ण चर्चा या मीटिंग में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। नई अवसर मिलने पर जल्दबाजी न करें और उसके फायदे-नुकसान को समझें। किसी मित्र से अच्छी खबर मिल सकती है। मानसिक रूप से हल्कापन महसूस करेंगे।

कर्क

आज परिवार और घर से जुड़ी बातें महत्वपूर्ण हो सकती हैं। किसी करीबी व्यक्ति के साथ चल रही गलतफहमी दूर करने का अवसर मिलेगा। नौकरी में जिम्मेदारी बढ़े तो घबराएं नहीं। पैसों के मामले में आमदनी अच्छी रहने की संभावना है, लेकिन अनावश्यक खरीदारी से बचें। आराम और पर्याप्त नींद पर ध्यान दें।

सिंह

आज आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का दिन है। कार्यस्थल पर आपकी मेहनत की सराहना हो सकती है। कोई नई जिम्मेदारी या प्रोजेक्ट मिल सकता है। व्यापार करने वालों को नए ग्राहकों या संपर्कों से लाभ मिल सकता है। रिश्तों में केवल अपनी बात मनवाने के बजाय सामने वाले की बात भी सुनें। खर्च करते समय सावधानी रखें।

कन्या

आज योजनाबद्ध तरीके से काम करेंगे तो कई काम समय पर पूरे हो सकते हैं। नौकरी या व्यापार में छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। आर्थिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है। परिवार के किसी सदस्य को आपकी मदद की जरूरत पड़ सकती है। स्वास्थ्य के लिए नियमित भोजन और पर्याप्त आराम का ध्यान रखें।

तुला

आज जीवन में संतुलन बनाए रखना महत्वपूर्ण रहेगा। काम और परिवार के बीच समय का सही प्रबंधन करें। नौकरी में किसी नए अवसर को लेकर चर्चा हो सकती है। व्यापार में कोई पुराना संपर्क फिर से उपयोगी साबित हो सकता है। प्रेम और रिश्तों में खुलकर बातचीत करने से गलतफहमी दूर होगी। पैसों के मामले में जल्दबाजी में निर्णय न लें।

वृश्चिक

आज कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़ सकते हैं। आपकी मेहनत से काम में प्रगति होने की संभावना है, लेकिन किसी के साथ मतभेद होने पर गुस्सा करने से बचें। व्यापार में जोखिम भरा निवेश करने से पहले सही जानकारी प्राप्त करें। परिवार का सहयोग मिलेगा। पुरानी चिंता कम हो सकती है और आत्मविश्वास बढ़ेगा।

धनु

आज नए विचार और नई योजनाएं बनाने का दिन है। कामकाज में कोई नया अवसर आपके सामने आ सकता है। यात्रा या कहीं बाहर जाने की योजना बन सकती है। विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना आसान हो सकता है। दोस्तों के साथ अच्छा समय बीतेगा। आर्थिक मामलों में आमदनी के साथ खर्च का भी सही प्रबंधन करें।

मकर

आज जिम्मेदारियां अधिक रह सकती हैं, लेकिन अपनी मेहनत से आप उन्हें अच्छी तरह संभाल पाएंगे। कार्यस्थल पर किसी वरिष्ठ व्यक्ति की सलाह उपयोगी साबित हो सकती है। व्यापार में धीरे-धीरे प्रगति देखने को मिल सकती है। परिवार के लिए कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेने का अवसर आ सकता है। अपने लिए भी थोड़ा समय निकालना जरूरी रहेगा।

कुंभ

आज आपकी नई सोच और रचनात्मकता काम में मदद करेगी। किसी पुरानी समस्या का नया समाधान मिल सकता है। नौकरी में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। व्यापार में नए संपर्क बनाने के लिए अच्छा समय है। दोस्तों या परिवार के साथ बातचीत से मन प्रसन्न रहेगा। आर्थिक मामलों में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ें।

मीन

आज भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए व्यावहारिक निर्णय लेने का प्रयास करें। काम में रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति का अच्छा उपयोग कर पाएंगे। परिवार का सहयोग मिलेगा। रिश्तों में कोई पुरानी गलतफहमी दूर हो सकती है। खर्च में सावधानी रखें और स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त आराम करें। दिन के अंत में मन को शांति देने वाली गतिविधि के लिए समय निकालें।

WORLD : एलन मस्क का सबसे बड़ा दांव: पहली बार अंतरिक्ष में पहुंचा दुनिया का सबसे ताकतवर रॉकेट; 26 स्टारलिंक V3 भी साथ

0

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने सोमवार को टेक्सास के स्टारबेस से अपने विशाल स्टारशिप-सुपर हेवी रॉकेट को लॉन्च किया। यह स्टारशिप की 14वीं परीक्षण उड़ान है और मिशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार इसे पृथ्वी की कक्षा में भेजने की योजना बनाई गई है। इस मिशन में 26 स्टारलिंक V3 सैटेलाइट भी अंतरिक्ष में तैनात किए जाने हैं।

पहली बार पृथ्वी की कक्षा में पहुंचेगा स्टारशिप

स्पेसएक्स की योजना के मुताबिक स्टारशिप करीब 275 किलोमीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए पृथ्वी के लगभग छह चक्कर लगाएगा। पूरा मिशन करीब 10 घंटे चलने की उम्मीद है। इसके बाद स्टारशिप के प्रशांत महासागर में चिली के पश्चिमी तट के पास स्प्लैशडाउन करने की योजना है। यह उड़ान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे स्टारशिप को पूरी तरह और तेजी से दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले अंतरिक्षयान के रूप में विकसित करने के अगले चरण की शुरुआत होगी।

26 स्टारशिप V3 सैटेलाइट होंगे तैनात

इस मिशन में पहली बार स्टारलिंक V3 सैटेलाइट तैनात किए जाएंगे। स्पेसएक्स के अनुसार 26 सैटेलाइटों को कक्षा में भेजने की योजना है। कंपनी का कहना है कि नई पीढ़ी के ये सैटेलाइट स्टारलिंक नेटवर्क की क्षमता और इंटरनेट सेवा की गति को काफी बढ़ाने में मदद करेंगे। स्टारलिंक V3 सैटेलाइट को ज्यादा डेटा क्षमता, अधिक पावर और बेहतर नेटवर्क क्षमता के लिए डिजाइन किया गया है। उपलब्ध मिशन विवरण के अनुसार प्रत्येक सैटेलाइट करीब 1 Tbps डाउनलिंक क्षमता जोड़ सकता है।

407 फीट ऊंचा है स्टारशिप

स्टारशिप-सुपर हेवी की ऊंचाई करीब 124.4 मीटर यानी लगभग 407 फीट है। इसमें दो मुख्य हिस्से हैं सुपर हैवी बूस्टर और स्टारशिप ऊपरी चरण। दोनों को भविष्य में तेजी से दोबारा इस्तेमाल किए जाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। स्पेसएक्स के लिए इसका लक्ष्य केवल एक बड़ी रॉकेट उड़ान भरना नहीं है। कंपनी लंबे समय से ऐसे लॉन्च सिस्टम को विकसित कर रही है, जिसका इस्तेमाल भविष्य में चंद्रमा और मंगल से जुड़े मिशनों के लिए भी किया जा सके।

बूस्टर के सामने भी बड़ी चुनौती

फ्लाइट 14 में सुपर हेवी बूस्टर के लिए लॉन्च के बाद सफल चढ़ाई, स्टेज सेपरेशन, बूस्टबैक बर्न और लैंडिंग बर्न महत्वपूर्ण परीक्षण होंगे। इसके बाद बूस्टर की लैंडिंग की योजना खाड़ी में एक समुद्री क्षेत्र में है। पिछले परीक्षण में सामने आई समस्याओं को देखते हुए हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में बदलाव किए गए हैं।

- Advertisement -